इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर में दुष्कर्म के एक मामले में आरोपी पुलिसकर्मी पर पीड़िता को समझौते के लिए दबाव बनाने और धमकाने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता का दावा है कि बातचीत के बहाने बुलाने के बाद आरोपी ने केस वापस लेने के लिए दबाव बनाया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पानी में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिलाने की कोशिश का भी आरोप है।

पीड़िता की शिकायत के आधार पर ग्वालटोली पुलिस ने आरोपी पुलिसकर्मी रितेश शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी शासकीय रेलवे पुलिस (GRP) लाइन में सिपाही के पद पर पदस्थ बताया गया है।

गुना में पहले से दर्ज है दुष्कर्म का मामला

पुलिस के मुताबिक, रितेश शर्मा के खिलाफ एक महिला ने गुना में दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। इस केस में आरोपी को अग्रिम जमानत मिल चुकी है। अब पीड़िता की शिकायत के बाद इंदौर के ग्वालटोली थाने में उसके खिलाफ BNS की धारा 74, 75(2), 296(a), 115(2), 351(3) और 123 के तहत केस दर्ज किया गया है।

बातचीत के बहाने बुलाने का आरोप

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उसे बातचीत के लिए बुलाया था। मुलाकात के दौरान दुष्कर्म के मामले में राजीनामा करने के लिए दबाव बनाया गया। महिला के कथित तौर पर इनकार करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और जान से खत्म करने की धमकी दी।

शिकायत के अनुसार, इसके बाद आरोपी ने पानी में जहरीला पदार्थ मिलाकर उसे पिलाने की कोशिश की। पानी पीने के बाद महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर गई। वहां मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया।

FIR के बाद सरकारी क्वार्टर छोड़कर फरार

पुलिस के अनुसार, मामला दर्ज होने के बाद आरोपी अपना सरकारी क्वार्टर छोड़कर फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसकी भी पड़ताल की जाएगी।

फिलहाल पुलिस पीड़िता के आरोपों, घटनास्थल और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!