सूरजपुर: सूरजपुर जिले के चौकी चेन्द्रा क्षेत्र में जमीन के हिस्सा बंटवारे को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने मृतक के बड़े भाई और भाभी को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम चन्द्रमेढ़ा निवासी कलेश्वर टोप्पो ने 19 अप्रैल 2026 को चौकी चेन्द्रा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके बड़े पिता धरमदेव टोप्पो और उनकी पत्नी सुषमा ने जमीन बंटवारे के विवाद को लेकर महेंद्र टोप्पो के साथ ईंट से मारपीट की थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर पुलिस ने विवेचना तेज की। घायल महेंद्र टोप्पो का इलाज पहले सीएचसी भैयाथान, फिर जिला अस्पताल सूरजपुर और बाद में अंबिकापुर के निजी अस्पताल में कराया गया। लंबे इलाज के बाद भी हालत में सुधार नहीं होने पर परिजन उसे घर ले आए, जहां 8 मई की सुबह उसकी मौत हो गई।

मृत्यु के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया। पीएम रिपोर्ट में मौत की वजह हत्यात्मक पाए जाने पर पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं जोड़ते हुए आरोपी धरमदेव टोप्पो और उसकी पत्नी सुषमा स्वराज टोप्पो को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने वारदात कबूल कर ली, जिसके बाद पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ईंट भी बरामद कर ली।

पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी केश्वर मरावी सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!