{"remix_data":[],"remix_entry_point":"challenges","source_tags":["local"],"origin":"unknown","total_draw_time":0,"total_draw_actions":0,"layers_used":0,"brushes_used":0,"photos_added":0,"total_editor_actions":{},"tools_used":{"brushes":1,"resize":1,"effects":1},"is_sticker":false,"edited_since_last_sticker_save":true,"containsFTESticker":false}

एमसीबी: एमसीबी जिले के मनेन्द्रगढ़ में एक शादी उस समय विवादों में घिर गई, जब शादी के महज दो दिन बाद दुल्हन का कथित प्रेमी उसके ससुराल पहुंच गया। प्रेमी ने युवती से मिलने की जिद करते हुए घर के बाहर जमकर हंगामा किया। घटना के बाद दोनों परिवार आमने-सामने आ गए और इलाके में देर रात तक तनाव की स्थिति बनी रही।

जानकारी के अनुसार युवती की हाल ही में पूरे रीति-रिवाज के साथ शादी हुई थी। शादी के बाद परिवार रिसेप्शन की तैयारियों में जुटा था। इसी दौरान शुक्रवार को कथित प्रेमी मयूर अग्रवाल अचानक दुल्हन के ससुराल पहुंच गया। उसने दावा किया कि वह पिछले तीन वर्षों से युवती के साथ रिश्ते में है और दोनों एक-दूसरे से प्यार करते हैं। उसने आरोप लगाया कि परिवार के दबाव में युवती की शादी कहीं और कराई गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक प्रेमी लगातार दुल्हन से मिलने की मांग करता रहा, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। देखते ही देखते घर के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मामले की सूचना मिलने पर लड़की पक्ष भी मौके पर पहुंचा और बाद में सभी पक्ष मनेन्द्रगढ़ सिटी कोतवाली पहुंचे।

स्थिति बिगड़ती देख पुलिस पति, पत्नी और कथित प्रेमी को थाने ले गई। देर रात करीब 2 बजे तक पुलिस द्वारा समझाइश और पूछताछ का दौर चलता रहा, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। थाना प्रभारी ने दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराने की कोशिश भी की, मगर दूल्हे ने साफ शब्दों में दुल्हन को साथ रखने से इनकार कर दिया।

बताया जा रहा है कि थाने में भी प्रेमी युवती के साथ रहने की बात पर अड़ा रहा। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने उसे लॉकअप में बंद कर दिया। वहीं इस पूरे घटनाक्रम से नाराज दूल्हे और उसके परिवार ने शादी के बाद होने वाला रिसेप्शन कार्यक्रम भी रद्द कर दिया।हालात ऐसे बने कि दुल्हन को बिना रिसेप्शन अपने मायके लौटना पड़ा। दूल्हे ने पुलिस से शिकायत करते हुए कहा कि उसे गलत जानकारी देकर शादी कराई गई और अब वह तलाक चाहता है। साथ ही उसने अपने सामान वापस दिलाने की मांग भी की है।

फिलहाल मामले में लड़की पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है, लेकिन अब तक आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!