
अंबिकापुर: सरगुजा पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत बुधवार को जिले के विभिन्न स्कूलों एवं सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। डीआईजी/एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं साइबर सेल के नोडल अधिकारी रितेश चौधरी के नेतृत्व में आयोजित इन कार्यक्रमों में करीब 500 छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों ने सहभागिता की।
अभियान के अंतर्गत साईं बाबा स्कूल अंबिकापुर, लटोरी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लखनपुर, मिशन हायर सेकेंडरी स्कूल रघुनाथपुर, धौरपुर बस स्टैंड, थाना सीतापुर अंतर्गत ग्राम वंदना तथा स्वामी आत्मानंद हिंदी मीडियम स्कूल गांधीनगर में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।कार्यक्रम में पुलिस एवं साइबर जागरूकता टीम ने छात्र-छात्राओं और नागरिकों को वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी। विशेष रूप से OTP, UPI और QR कोड फ्रॉड, फर्जी लिंक, APK फाइल, फर्जी कस्टमर केयर नंबर, सोशल मीडिया फ्रॉड, फर्जी प्रोफाइल, अनजान वीडियो कॉल, सेक्सटॉर्शन और डिजिटल अरेस्ट जैसे अपराधों से बचने के उपाय बताए गए।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, CVV, पासवर्ड अथवा बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या अनजान APK फाइल डाउनलोड करने से बचें। किसी के कहने पर QR कोड स्कैन करने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूर करें। सोशल मीडिया पर निजी फोटो, वीडियो और व्यक्तिगत जानकारी साझा करते समय भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई।
साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के महत्व को समझाते हुए राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 और cybercrime.gov.in के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी के बाद जितनी जल्दी शिकायत दर्ज कराई जाती है, ठगी गई राशि को रोकने की संभावना उतनी ही बढ़ जाती है।
अभियान के दौरान “जागरूकता की एक Selfie”पहल के तहत छात्र-छात्राओं और नागरिकों को जागरूकता QR कोड की जानकारी दी गई। लोगों को QR कोड के माध्यम से साइबर जागरूकता अभियान से जुड़ने और साइबर सुरक्षा से संबंधित संदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों ने QR कोड के साथ सेल्फी भी ली।
कार्यक्रम में स्वामी आत्मानंद हिंदी मीडियम स्कूल के प्राचार्य डॉ. राजकुमार यादव शिक्षक-शिक्षिकाएं, साईं बाबा स्कूल की प्राचार्य प्राची गोयल नवा बिहान से मंगल पाण्डेय उप निरीक्षक अभय तिवारी सहायक उप निरीक्षकपरशुराम पैकरा महिला थाना से सहायक उप निरीक्षक गंभीर साय महिला आरक्षक सविता मरावी, महिला आरक्षक संगीताआरक्षक राहुल केरकेट्टा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।वहीं पुलिस मितान एवं साइबर वॉलंटियर टीम से अतुल गुप्ता, विक्की गुप्ता एवं राजकुमार*मने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों ने साइबर अपराधों से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे, जिनका पुलिस एवं साइबर जागरूकता टीम ने समाधान किया। पुलिस ने सभी से स्वयं सतर्क रहने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने की अपील की।




















