दुर्ग:  भिलाई टाइम्स न्यूज के इंस्टाग्राम पेज पर लगातार फर्जी कॉपीराइट स्ट्राइक भेजकर पेज बंद कराने की धमकी देने और स्ट्राइक हटाने के नाम पर 10 हजार की अवैध वसूली का प्रयास करने के मामले में सुपेला पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की और उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त iPhone 16 मोबाइल फोन जब्त किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार भिलाई टाइम्स न्यूज के संचालक यशवंत साहू ने थाना सुपेला में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके इंस्टाग्राम न्यूज पेज पर करीब 32 हजार फॉलोवर्स हैं। 25 जुलाई की रात से 26 जुलाई की रात के बीच पेज पर लगातार फर्जी कॉपीराइट स्ट्राइक आने लगीं। इससे पेज डिलीट होने की आशंका पैदा हो गई।शिकायतकर्ता ने जब संबंधित व्यक्ति से ई-मेल और व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क किया तो कॉपीराइट स्ट्राइक हटाने के बदले 10 हजार की मांग की गई। मामले की शिकायत पर थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1061/2026 के तहत धारा 308(2), 351(4) बीएनएस एवं धारा 66डी आईटी एक्ट में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस

विवेचना के दौरान सुपेला पुलिस ने साइबर सेल की मदद से व्हाट्सएप नंबर, ई-मेल आईडी, इंस्टाग्राम/फेसबुक अकाउंट और आईपी संबंधी तकनीकी जानकारी जुटाई। संबंधित कंपनियों से पत्राचार कर प्राप्त जानकारी का विश्लेषण किया गया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान अनीश कुमार (19) के रूप में हुई।पुलिस टीम ने 17 अगस्त को आरोपी के निवास पर पहुंचकर धारा 35 बीएनएसएस का नोटिस दिया। नोटिस के पालन में आरोपी 19 अगस्त को थाना सुपेला पहुंचा। पूछताछ, मेमोरेण्डम कथन और उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसकी संलिप्तता पाए जाने पर विधिवत गिरफ्तार कर लिया।आरोपी अनीश कुमार ग्राम उसरी चकिया, थाना महेन्द्रीया, जिला अरवल, बिहार का निवासी है और वर्तमान में आईओएस तथावडे, थाना वाकड, जिला पुणे, महाराष्ट्र में रह रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया एक iPhone 16 मोबाइल फोन जब्त किया है।

सोशल मीडिया पेज को बनाया निशाना

पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी ने सोशल मीडिया न्यूज पेज को निशाना बनाकर फर्जी कॉपीराइट स्ट्राइक भेजीं। इसके बाद पेज बंद होने की आशंका पैदा कर संचालक पर दबाव बनाया गया और कॉपीराइट स्ट्राइक हटाने के नाम पर रकम की मांग की गई। पुलिस अब मामले में अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

इस कार्रवाई में थाना सुपेला प्रभारी एस.एन. सिंह, उप निरीक्षक पारस सिंह, प्रधान आरक्षक अमर सिंह और आरक्षक रवि साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया अकाउंट, ई-मेल या अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कॉपीराइट, अकाउंट बंद होने अथवा किसी तकनीकी समस्या के नाम पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा पैसे की मांग किए जाने पर राशि का भुगतान न करें। ऐसी स्थिति में संबंधित प्लेटफॉर्म की आधिकारिक प्रक्रिया का इस्तेमाल करें और साइबर अपराध की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!