रायपुर। राजधानी में अवैध डीजल और पेट्रोल के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कबीर नगर थाना पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध ईंधन, एक टैंकर, नकदी और कारोबार में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 35.45 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।

कान्हा ढाबा के पीछे चल रहा था अवैध कारोबार

पुलिस को सूचना मिली थी कि कान्हा ढाबा के पीछे स्थित ईपी रोलिंग मिल के पास एक गिरोह बड़े पैमाने पर डीजल और पेट्रोल का अवैध भंडारण कर उसकी रीसेलिंग और कटिंग का कारोबार संचालित कर रहा है। सूचना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई।छापेमारी के दौरान पुलिस ने पाया कि बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ बिना किसी वैध लाइसेंस और दस्तावेज के संग्रहित किए गए थे। सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर ईंधन का भंडारण किया जा रहा था, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई थी।

14,100 लीटर अवैध ईंधन बरामद

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 14,100 लीटर डीजल और पेट्रोल, एक टैंकर, नकदी तथा अन्य उपकरण जब्त किए। पुलिस ने मौके से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पहले भी पकड़े जा चुके हैं आरोपी

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी पहले भी अवैध तेल कारोबार के मामलों में पुलिस कार्रवाई का सामना कर चुके हैं। इनके खिलाफ रायपुर के उरला और आमानाका थाना क्षेत्रों में भी प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क की पूरी पड़ताल कर रही है और यह जानने का प्रयास कर रही है कि अवैध ईंधन की सप्लाई कहां से होती थी तथा किन लोगों तक इसे पहुंचाया जाता था।

गिरफ्तार आरोपी

  • ओमप्रकाश साव उर्फ कालिया (38), निवासी उरला, रायपुर
  • उमेश साव (55), निवासी बीरगांव, रायपुर
  • रामजी यादव (45), निवासी छावनी, दुर्ग
  • धर्मेंद्र साव (45), निवासी खुर्सीपार, दुर्ग

नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह सिर्फ अवैध भंडारण का मामला नहीं है, बल्कि इसके पीछे बड़े नेटवर्क की आशंका भी जताई जा रही है। जांच के दौरान ईंधन की खरीद, परिवहन और सप्लाई चैन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!