कट्टे की नोक पर कार सवार से लूट के मामले में फरार सातवां आरोपी भी गिरफ्तार

सतना। छह महीने पहले कट्टे की नोक पर कार सवार युवक से लूटपाट करने वाले गिरोह का आखिरी फरार आरोपी भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। इस गिरफ्तारी के साथ ही चर्चित लूटकांड के सभी सात आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

कार रुकवाकर की थी मारपीट, फिर कट्टा दिखाकर लूटे थे रुपए

मझगवां थाना प्रभारी आदित्य नारायण धुर्वे के अनुसार घटना 6 जनवरी 2026 की है। सतना निवासी एक युवक अपनी कार से चित्रकूट जा रहा था। रास्ते में दूसरी कार से पहुंचे सात बदमाशों ने उसकी गाड़ी रुकवाई, उसके साथ मारपीट की और कट्टा दिखाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और अभियान चलाकर छह आरोपियों को अलग-अलग समय पर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हालांकि एक आरोपी लगातार पुलिस से बचता रहा।

पिछले सप्ताह दो और आरोपी आए थे गिरफ्त में

पुलिस ने पिछले सप्ताह भी इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सैफ अख्तर और राज प्रताप उर्फ रोहित को दबोचा गया। उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई कार और लूटी गई नकदी भी बरामद की गई थी।

आखिरी फरार आरोपी भी पुलिस के शिकंजे में

पुलिस ने बताया कि शुभम कुशवाहा (25), निवासी बड़ागांव, थाना देवेंद्रनगर, जिला पन्ना, घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। मंगलवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। न्यायालय में पेशी के बाद उसे जेल भेज दिया गया। इसके साथ ही पुलिस ने इस बहुचर्चित लूटकांड के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी पूरी कर ली है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!