उत्तर प्रदेश :  बाराबंकी में शनिवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सुबेहा थाना क्षेत्र में घेरावन के पास एक एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े पिकअप वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में पांच लोगों की जान चली गई।

जानकारी के मुताबिक, एंबुलेंस राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक शव लेकर गाजीपुर जा रही थी। इसी दौरान एक्सप्रेस-वे के 53.3 किलोमीटर पॉइंट के पास यह दुर्घटना हो गई। गाजीपुर पहुंचने से पहले ही एंबुलेंस पिकअप से जा भिड़ी। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

मृतकों में राजस्थान के तीन और बंगाल के दो लोग

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतकों में पश्चिम बंगाल के दो और राजस्थान के तीन लोग शामिल हैं। सभी की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने शवों को अस्पताल की मर्चुरी में रखवा दिया है। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

हादसे की वजह जानने में जुटी पुलिस

फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। तेज रफ्तार और सुबह के समय धुंध को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

पुलिस और रेस्क्यू टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है। साथ ही दुर्घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!