प्रकाश की पहली चमक और पर्दे पर पहले दृश्य के बीच कहीं, दुनिया को एक साथ आने का एक कारण मिल जाता है। और गोवा वह दुनिया बन गया। अरब सागर की झिलमिलाती पृष्ठभूमि में गोवा एक बार फिर ऐसे वैश्विक मंच में बदल गया है, जहां फिल्म निर्माता, प्रतिष्ठित सिनेमा हस्तियां और सिनेमा प्रेमी एकत्रित होते हैं, संस्कृतियों का संगम होता है और कल्पनाओं को उड़ान मिलती है।

गोवा के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में भव्य उद्घाटन समारोह में शुक्रवार को साथ 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) का शुभारंभ हुआ। इसने 86 देशों की भागीदारी और 150 से अधिक फिल्मों के साथ चलती-फिरती छवियों के असीम जादू का उत्सव मनाते हुए कहानियों की एक अनूठी दुनिया के द्वार खोल दिए। ‘स्‍टोरीज़ विदाउट बॉर्डर्स’ विषय से प्रेरित इस संस्करण में सिनेमा की उस असाधारण शक्ति का उत्सव मनाया जा रहा है, जो भौगोलिक सीमाओं से परे जाने, सांस्कृतिक दूरियों को मिटाने और अलग-अलग आवाजों को एक साझा अनुभव में पिरोने में सक्षम है।

वैश्विक संगीत प्रस्तुतियों ने उद्घाटन समारोह की भव्यता में चार चांद लगाए

उद्घाटन समारोह में सिनेमा की सार्वभौमिक भाषा का उत्सव मनाते हुए संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की एक श्रृंखला पेश की गई। तीन बार ग्रैमी पुरस्कार विजेता संगीतकार रिकी केज के नेतृत्व में ‘संगीत के माध्यम से सिनेमा की दुनिया’ विषय पर प्रस्तुत सिम्फनी ऑर्केस्ट्रा दर्शकों को विभिन्न संस्कृतियों और कहानी कहने की परंपराओं की संगीतमय यात्रा पर ले गई। इस प्रस्तुति में भाषाई और भौगोलिक सीमाओं से परे जाने की सिनेमा की क्षमता को रेखांकित किया गया।

उद्घाटन समारोह की शाम को ‘म्यूजिक विदाउट बॉर्डर्स’ नामक एक अंतरराष्ट्रीय संगीत गठजोड़ की प्रस्तुति भी दी गई, जिसमें विभिन्न देशों के संगीतकारों ने संगीत परंपराओं, सद्भाव और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का उत्सव मनाने के लिए भाग लिया। महोत्सव के प्रतिष्ठित मोर प्रतीक को ‘बियॉन्ड द फ्रेम’ नामक एक विशेष नृत्य प्रस्तुति में दर्शाया गया, जिसने नृत्य और कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से इफ़्फी के प्रतीक को जीवंत कर दिया।

प्रसिद्ध अभिनेता और सांसद रवि किशन ने कहा

‘स्‍टोरीज़ विदाउट बॉर्डर्स’ विषय पर बोलते हुए, प्रसिद्ध अभिनेता और सांसद रवि किशन ने कहा कि विभिन्न भारतीय भाषाओं और क्षेत्रों की लगभग 700 फिल्मों में काम करने के अपने अनुभव को देखते हुए यह विषय उनके दिल के बेहद करीब है। उन्होंने कहा कि भाषा या भौगोलिक क्षेत्र चाहे जो भी हो, दर्शक सिनेमा के उन्हीं मूल तत्त्वों—सच्चाई, अहसास और एक प्रभावशाली कहानी—से जुड़ते हैं।

दुनिया के किसी एक कोने में जन्मी कहानी हजारों मील दूर भी लोगों के दिलों में घर कर सकती है

उन्होंने कहा, “दुनिया के किसी एक कोने में जन्मी कहानी हजारों मील दूर भी लोगों के दिलों में घर कर सकती है। यही सिनेमा का जादू है।” उन्होंने सीमाओं से परे जाने और साझा मानवीय अनुभवों का सृजन करने की सिनेमा की शक्ति को रेखांकित किया। उन्होंने भारत के जीवंत फिल्म उद्योग को सुदृढ़ करने में प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व की भी सराहना की और कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा फिल्म निर्माण करने वाला देश है।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार ने कहा

सभा को संबोधित करते हुए, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार ने सीमाओं से परे जाने तथा विविध संस्कृतियों और दृष्टिकोणों को एकजुट करने की सिनेमा की शक्ति को रेखांकित किया। इफ़्फी को केवल फिल्मों का उत्सव न बताते हुए उन्होंने कहा, “यह संस्कृतियों, विचारों, स्मृतियों और मानवीय अनुभवों का मिलन स्थल है।”

ऋग्वेद के विचार “शुभ विचार सभी दिशाओं से हमारे पास आएं” का उल्लेख करते हुए उन्होंने जोर दिया कि दुनिया के प्रति खुलापन भारत की पहचान को समृद्ध बनाता है। सिनेमा को भारत की सॉफ्ट पावर की सबसे सशक्त अभिव्यक्तियों में से एक बताते हुए उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक आदान-प्रदान की यह भावना इफ़्फी 2026 में रूस और स्पेन की विशेष फिल्म प्रस्तुतियों तथा ब्रिक्स देशों की 21 फिल्मों के माध्यम से परिलक्षित होती है।

इस वर्ष के विषय ‘स्‍टोरीज़ विदाउट बॉर्डर्स’ पर विचार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा, “दुनिया के एक हिस्से की कहानी भावना, कल्पना और मानवीय अनुभवों के माध्यम से दूसरे हिस्से तक पहुंच सकती है।” उन्होंने नई प्रतिभाओं को अवसर देने और समावेशी कहानी कहने की इफ़्फी की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया। इस वर्ष के महोत्सव में 52 महिला फिल्म निर्माताओं और 62 नवोदित फिल्म निर्माताओं की फिल्में शामिल हैं।

इफ़्फी के महोत्सव निदेशक आशुतोष गोवारिकर ने कहा

इस वर्ष के महोत्सव की पृष्ठभूमि प्रस्तुत करते हुए, इफ़्फी के महोत्सव निदेशक आशुतोष गोवारिकर ने ऐसे विरोधाभासी दौर में सिनेमा की एकजुट करने वाली शक्ति पर विचार व्यक्त किए, जहां अत्यधिक संपर्क के चलते अक्सर सांस्कृतिक अलगाव बढ़ जाता है। इस वर्ष के महोत्सव के विषय ‘स्‍टोरीज़ विदाउट बॉर्डर्स’ के पीछे के दर्शन को स्पष्ट करते हुए उन्होंने दर्शकों को याद दिलाया कि विभाजन अक्सर स्वयं ही पैदा किए जाते हैं। उन्होंने कहा, “सीमाएं केवल नक्शों पर खींची गई रेखाएं नहीं हैं। वे हमारी वे आदतें भी हैं, जिन्हें हम अपने चारों ओर बना लेते हैं।”

कहानी उन कुछ चीजों में से एक है, जो बिना पासपोर्ट के इन सीमाओं को पार कर सकती है

सिनेमा किस तरह इन बाधाओं को दूर करता है, इसे रेखांकित करते हुए गोवारिकर ने कहा कि जब दर्शक किसी अपरिचित भाषा में प्रस्तुत पात्रों के प्रति सहानुभूति महसूस करते हैं, तो लोगों के बीच की दूरी तुरंत कम हो जाती है। उन्होंने कहा, “कहानी उन कुछ चीजों में से एक है, जो बिना पासपोर्ट के इन सीमाओं को पार कर सकती है।” इस विज़न को साकार करने के लिए, इफ़्फी के इस संस्करण में नौ विश्व प्रीमियर, दो अंतरराष्ट्रीय प्रीमियर, 24 एशियाई प्रीमियर और 116 भारतीय प्रीमियर सहित फिल्मों की एक विस्तृत श्रृंखला प्रस्तुत की जा रही है। यह विभिन्न देशों, सिनेमा के अलग-अलग युगों, उभरती प्रतिभाओं और स्वयं इस जीवंत मेजबान शहर के बीच की सीमाओं से परे जाने का एक खुला निमंत्रण है।

वेव्स फिल्म बाजार के गौरवशाली 20 वर्ष पूर्ण

भारतीय सिनेमा को वैश्विक अवसरों से जोड़ने के दो दशक पूरे होने के उपलक्ष्य में, 20वें वेव्स फिल्म बाजार का शुभारंभ 20 नवंबर, 2026 को गोवा में 57वें इफ़्फी के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह में एक विशेष ऑडियो-विजुअल प्रस्तुति के माध्यम से इसकी उल्लेखनीय यात्रा और फिल्म व्यवसाय, सह-निर्माण, वित्तपोषण, नेटवर्किंग तथा वैश्विक सहयोग में इसके योगदान को दर्शाया गया। भारतीय राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) द्वारा आयोजित वेव्स फिल्म बाजार वर्ष 2007 में 18 देशों के 204 प्रतिनिधियों की भागीदारी से शुरू होकर एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय बाजार के रूप में विकसित हुआ है, जिसमें 40 से अधिक देशों के 2,500 से अधिक फिल्म पेशेवर एक साथ आए हैं।

उद्घाटन समारोह में राज्यसभा सांसद सदानंद म्हालू शेट तानावड़े; सिओलिम से विधायक एवं एंटरटेनमेंट सोसाइटी ऑफ गोवा की उपाध्यक्ष डेलिला लोबो; गोवा के मुख्य सचिव डॉ. वी. कैंडवेलू; भारतीय राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम के अध्यक्ष जी. कृष्णकुमार; प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी; राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम के प्रबंध निदेशक धीरज सिंह; और एंटरटेनमेंट सोसाइटी ऑफ गोवा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी दीपक बांदेकर उपस्थित रहे। 

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!