

रायगढ़: रायगढ़ पुलिस ने "ऑपरेशन अंकुश" के तहत अवैध जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रायगढ़-कोरबा बॉर्डर स्थित ग्राम धसकामुड़ा में जुए के पांच फड़ों पर एक साथ दबिश दी। छाल थाना पुलिस ने मौके से 33 जुआरियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान करीब 90 लाख रुपये मूल्य की सात चारपहिया वाहन, 57,140 रुपये नकद और पांच गैस लाइट जब्त की गई हैं।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। मुखबिर से सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी छाल निरीक्षक नासिर खान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम धसकामुड़ा के मेला स्थल के बाहर घेराबंदी कर कार्रवाई की।जांच में सामने आया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी घरघोड़ा, तमनार, डभरा और जैजैपुर क्षेत्र के निवासी हैं, जो बड़े पैमाने पर जुआ खेलने के लिए यहां एकत्र हुए थे। पुलिस ने मौके से एक इनोवा, दो बोलेरो, दो अर्टिगा, एक किआ और एक ऑल्टो कार सहित कुल सात वाहन जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये बताई गई है।छाल पुलिस ने सभी 33 आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के तहत पांच अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया जारी है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि "ऑपरेशन अंकुश" के तहत जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।











