जिसके हौसले बुलंद होते हैं,
उसके लिए मुश्किल रास्ते भी आसान होते हैं।
शरीर की कमी नहीं, मेहनत की ताकत मायने रखती है,
सपने वही सच करते हैं, जो संघर्ष में भी मुस्कुराते हैं।

सूरजपुर/ देवनगर: हायर सेकंडरी स्कूल देवनगर में संचालित व्यावसायिक शिक्षा (टेलिकॉम) से जुड़े छात्र-छात्राओं ने इस वर्ष 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रावीण्य सूची में अपना स्थान बनाया है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उत्कृष्ट अंकों के साथ सफलता हासिल कर इन छात्रों ने यह साबित कर दिया कि व्यावसायिक शिक्षा भी बेहतर शैक्षणिक उपलब्धियों का मजबूत माध्यम बन सकती है।

10वीं कक्षा की प्रावीण्य सूची में शीतला ने 92.83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। सबसे प्रेरणादायक बात यह रही कि शीतला पूर्णतः दिव्यांग हैं और उन्होंने अपने पैरों से लिखकर यह उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि ने सभी को प्रेरित किया है। वहीं संदीप कुमार ने 91 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान तथा नारायन कुमार ने 90.66 प्रतिशत अंक के साथ तृतीय स्थान हासिल किया।

इसी प्रकार 12वीं कक्षा में अभिषेक कुमार ने 94.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्होंने जिला मेरिट सूची में भी तृतीय स्थान हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अंजलि साहू ने 91 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान तथा अंजली चक्रधारी ने 90.2 प्रतिशत अंक हासिल कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।

विशेष बात यह है कि ये सभी विद्यार्थी व्यावसायिक पाठ्यक्रम टेलिकॉम से जुड़े हुए हैं। विद्यार्थियों की इस सफलता ने यह संदेश दिया है कि कौशल आधारित शिक्षा, अनुशासन और मेहनत के साथ जुड़कर बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।विद्यार्थियों की इस उपलब्धि के पीछे व्यावसायिक प्रशिक्षक दिनेश कुमार प्रजापति का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके मार्गदर्शन, निरंतर प्रयास और प्रेरणादायी शिक्षण ने विद्यार्थियों को सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

विद्यालय के प्राचार्य एस. पी. निषाद ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग की सराहना की।विद्यालय में उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम को लेकर हर्ष का माहौल है। सभी ने उम्मीद जताई है कि आने वाले समय में भी विद्यार्थी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करते रहेंगे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!