

अम्बिकेश गुप्ता
कुसमी। शुक्रवार की शाम अचानक बदले मौसम ने कुसमी विकासखंड क्षेत्र में जमकर कहर बरपाया। तेज आंधी और बारिश के चलते कई गांवों में जनजीवन प्रभावित हुआ, वहीं ग्राम भूलसी कला में भारी नुकसान की खबर सामने आई है।
बलरामपुर - रामानुजगंज जिले के कुसमी विकास खण्ड अंतर्गत ग्राम भूलसी कला में कुछ वर्ष पूर्व वन विभाग के माध्यम से निर्मित स्व-सहायता समूह भवन आंधी की चपेट में आ गया। तेज हवा के झोंकों से भवन की छत पर लगी लोहे की सीट पूरी तरह उड़ गई, जिससे शेड और ऊपरी दीवार का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। भवन की हालत ऐसी हो गई है कि अब इसका उपयोग करना जोखिम भरा हो गया है।
उल्लेखनीय है कि इस भवन में पिछले लगभग एक वर्ष से आंगनबाड़ी केंद्र संचालित किया जा रहा था। गांव में आंगनबाड़ी का स्वयं का भवन नहीं होने के कारण कार्यकर्ता झेमो भगत द्वारा इसी भवन में बच्चों और महिलाओं के लिए सेवाएं दी जा रही थीं। अब छत उड़ जाने के कारण केंद्र के संचालन पर संकट खड़ा हो गया है, जिससे छोटे बच्चों और गर्भवती महिलाओं को मिलने वाली सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है।
इसी दौरान, स्कूल पारा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के पास वर्षों पुराना एक विशाल आम का पेड़ तेज आंधी के कारण जड़ से उखड़कर गिर पड़ा। पेड़ गिरने से आंगनबाड़ी भवन का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया और जनहानि नहीं हुई।
आंधी-बारिश का असर पूरे क्षेत्र में देखने को मिला। कई कच्चे मकानों के छप्पर और खपरे उड़ गए, वहीं कुछ पक्के मकानों के शेड भी क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। ग्रामीणों को रातभर परेशानियों का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों ने मिडिया के माध्यम प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द क्षतिग्रस्त भवनों का सर्वे कराकर मुआवजा दिया जाए तथा आंगनबाड़ी केंद्र के लिए स्थायी भवन की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की समस्या से बचा जा सके।





















