

रायपुर: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक प्रदेश के एक-दो स्थानों पर तेज हवाओं, गरज-चमक और वज्रपात के साथ बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही अगले 4 दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक क्रमिक बढ़ोतरी होने के संकेत दिए गए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। राजनांदगांव में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 41.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि पेण्ड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वर्षा के प्रमुख आंकड़ों में चरमा में 3 सेमी और गरियाबंद में 1 सेमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक दक्षिणी मध्य प्रदेश से छत्तीसगढ़ होते हुए झारखंड तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई पर द्रोणिका बनी हुई है। वहीं ओडिशा और उससे लगे छत्तीसगढ़ क्षेत्र के ऊपर 1.5 किलोमीटर ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जिसके प्रभाव से मौसम में बदलाव बना हुआ है।
विभाग ने शुक्रवार के लिए प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। साथ ही एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की गई है। अगले दो दिनों तक भी इसी तरह का मौसम बने रहने के आसार हैं।
राजधानी रायपुर में 8 मई को आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने, गरज-चमक और अंधड़ चलने की संभावना जताई गई है। यहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।





















