बलरामपुर:  जिला रोजगार अधिकारी ने जानकारी दी है कि प्रदेश के युवाओं के लिए विदेश में रोजगार प्राप्त करने का एक महत्वपूर्ण अवसर उपलब्ध हुआ है। नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के अंतर्गत भारत-इजराईल फ्रेमवर्क एग्रीमेंट के तहत इजराईल में होम बेस्ड केयर गिवर सेवा के लिए 3500 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा इस भर्ती के लिए पात्र अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

इस रोजगार अवसर के अंतर्गत चयनित अभ्यर्थियों को लगभग 2 लाख रुपये प्रतिमाह वेतन प्रदान किया जाएगा। प्रारंभिक अनुबंध अवधि दो वर्ष की होगी, जिसे आवश्यकता अनुसार आगे बढ़ाया जा सकेगा। नियोजक द्वारा आवास एवं भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त चिकित्सा बीमा, राष्ट्रीय अवकाश एवं वार्षिक अवकाश की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को सप्ताह में छह दिन कार्य करना होगा।

पद के लिए अभ्यर्थी की आयु 25 से 45 वर्ष के मध्य होना आवश्यक है। आवेदक का न्यूनतम 10वीं कक्षा उत्तीर्ण होना तथा इंटरमीडिएट स्तर पर अंग्रेजी विषय का अध्ययन किया होना चाहिए। अभ्यर्थी के पास कम से कम तीन वर्ष की वैधता वाला पासपोर्ट होना अनिवार्य है। इसके साथ ही आवेदक शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ हो, उसकी लंबाई 1.5 मीटर से अधिक तथा वजन 45 किलोग्राम से अधिक होना चाहिए। पूर्व में इजराइल में कार्य कर चुके व्यक्ति इस भर्ती के लिए पात्र नहीं होंगे।

वांछनीय शैक्षणिक योग्यता के अंतर्गत भारतीय नियामक प्राधिकरण से मान्यता प्राप्त 990 घंटे के ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग सहित केयर गिविंग प्रमाण-पत्र अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त जनरल ड्यूटी असिस्टेंट, ऑक्जिलरी नर्स मिडवाइफ, जनरल नर्स मिडवाइफ, बी.एससी. नर्सिंग, फिजियोथेरेपी अथवा नर्सिंग असिस्टेंट/मिडवाइफ से संबंधित किसी एक मान्यता प्राप्त प्रमाण-पत्र का होना आवश्यक है।

भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत सर्वप्रथम छत्तीसगढ़ ई-रोजगार पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन किया जाएगा। इसके बाद दस्तावेज एवं पात्रता की जांच, मार्गदर्शन एवं जानकारी, दस्तावेज सत्यापन, स्वास्थ्य परीक्षण, पुलिस क्लीयरेंस तथा इजराइल नियोजक द्वारा वीडियो साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा। अंतिम चयन वीडियो साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा।अभ्यर्थियों को प्राप्त होने वाले वेतन से चिकित्सा बीमा, आवास भत्ता, भोजन एवं अन्य निर्धारित मदों की कटौती की जाएगी। कटौती के पश्चात लगभग 1 लाख 99 हजार 770 रुपये प्रतिमाह वेतन देय होगा।

रोजगार विभाग ने इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे शीघ्र ही ई-रोजगार पोर्टल पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से अपना पंजीयन कराएं, ताकि भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ की जा सके। किसी भी प्रकार की जानकारी या शंका के समाधान हेतु जिला रोजगार कार्यालय में उपस्थित होकर या संपर्क नं. 96856-72368 में संपर्क किया जा सकता है। विभाग ने अभ्यर्थियों को भ्रामक व्यक्तियों से सावधान रहने तथा केवल अधिकृत माध्यमों से ही आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने की सलाह दी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!