रायपुर। राजधानी रायपुर में कमिश्नरेट पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 29 लाख रुपये कीमत का गांजा बरामद किया है। इस मामले में एक दंपती, उनके सहयोगी और ओडिशा से जुड़े दो सप्लायर सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी के खिलाफ टिकरापारा थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

मुखबिर की सूचना पर बिछाया गया जाल

पुलिस को 11 जुलाई को सूचना मिली थी कि टिकरापारा थाना क्षेत्र के कमल विहार इलाके में बड़ी मात्रा में गांजा की खेप पहुंचने वाली है। सूचना के बाद एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और टिकरापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने कमल विहार रोड स्थित शिव मंदिर के सामने नीलगिरी प्लांटेशन के पास घेराबंदी कर निगरानी शुरू की।

46 किलो से अधिक गांजा बरामद

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक सुजुकी एक्सेस पर सवार तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर वे भागने लगे, लेकिन टीम ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान कमलेश सोनवानी, राजा टंडन और नीतू टंडन, निवासी पंडरी, रायपुर के रूप में हुई। वाहन की तलाशी में तीन बोरियों और एक थैले से कुल 46.100 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। आरोपियों ने बताया कि यह खेप ओडिशा के कालाहांडी जिले से लाई गई थी।

सप्लाई चेन तक पहुंची पुलिस

मुख्य आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने तस्करी के नेटवर्क की जांच आगे बढ़ाई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की मदद से रायपुर रेलवे स्टेशन के पास दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान बनमाली तांडी और अनु तांडी, निवासी कालाहांडी, ओडिशा के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे ओडिशा से गांजा लाकर रायपुर में कमलेश सोनवानी, राजा टंडन और नीतू टंडन को उपलब्ध कराते थे, जिसके बाद शहर में इसकी अवैध बिक्री की जाती थी।

आपराधिक रिकॉर्ड भी आया सामने

पुलिस जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी कमलेश सोनवानी के खिलाफ रायपुर और महासमुंद के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से चार मामले दर्ज हैं। वहीं राजा टंडन के खिलाफ ओडिशा के टिटलागढ़ क्षेत्र में भी मादक पदार्थ तस्करी का मामला दर्ज है और वह पहले जेल भी जा चुका है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला

पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) (ii) (सी) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। सभी को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!