अंबिकापुर: अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ सरगुजा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 138.4 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कॉर्पियो एन वाहन और दो मोबाइल फोन समेत करीब 90 लाख रुपए का माल बरामद किया है। मामले में उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार  डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में 13 सितंबर 2026 को थाना लुण्ड्रा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग ओडिशा के ब्रह्मपुर से सफेद रंग की स्कॉर्पियो में गांजा लोड कर उत्तर प्रदेश की ओर ले जा रहे हैं।सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बरगडीह के पास नाकाबंदी कर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर स्कॉर्पियो सवार आरोपी वाहन छोड़कर पास के गन्ने के खेत में छिप गए। इसके बाद पुलिस टीम ने खेत में सर्चिंग अभियान चलाकर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया।पूछताछ में आरोपियों की पहचान बलराज सिंह बिन्द्रा (23), निवासी इंदिरापुरम, गाजियाबाद और अजय बंसल उर्फ अजय बैसला (23), निवासी इंदिरापुरम, गाजियाबाद के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पूछताछ में गांजा ओडिशा के ब्रह्मपुर से स्कॉर्पियो में लादकर उत्तर प्रदेश ले जाने की बात स्वीकार की है। वहीं, एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन से 53 पैकेटों में रखा कुल 138.4 किलोग्राम गांजा बरामद किया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 69 लाख रुपए  स्कॉर्पियो एन वाहन की कीमत करीब 20 लाख रुपए और दो मोबाइल फोन की कीमत करीब 1 लाख रुपए बताई गई है। इस तरह कुल करीब 90 लाख रुपए का माल जब्त किया गया।गांजे के संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद थाना लुण्ड्रा में अपराध क्रमांक 216/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।पुलिस अब गांजा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क और फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। मामले में अग्रिम जांच और विवेचना जारी है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी लुण्ड्रा निरीक्षक असफाक अहमद अंसारी, चौकी प्रभारी रघुनाथपुर उप निरीक्षक आरएन पटेल, सहायक उप निरीक्षक महेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक महेश कुमार तथा आरक्षक शिवप्रसाद खलखो, इबनुल खान, बहाल राम और आशीष की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!