

अंबिकापुर: सरगुजा जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से गांजा बेच रहे पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 3 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 1 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर जिलेभर में एनडीपीएस एक्ट के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अंबिकापुर के केदारपुर स्थित नगर निगम पानी टंकी के सामने संचालित सोनू डेली निड्सदुकान में अवैध रूप से गांजे की बिक्री की जा रही है।
सूचना के आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दुकान पर दबिश दी। मौके पर मौजूद दो व्यक्तियों से पूछताछ करने पर उनकी पहचान शिवम सोनी उर्फ सोनू (28 वर्ष) और उसके पिता नरेश सोनी (56 वर्ष) निवासी केदारपुर के रूप में हुई। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में दुकान की तलाशी ली, जहां डीप फ्रीजर के पीछे रखे एक झोले से करीब 3 किलो गांजा बरामद हुआ।पुलिस ने गांजे को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया और दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शशिकांत सिन्हा, एसआई देवनारायण यादव, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अनुराग वर्मा, महेश कुमार, आशी झा, प्रधान आरक्षक छत्रपाल सिंह, आरक्षक देवेंद्र पाठक तथा साइबर सेल के आरक्षक अनुज जायसवाल और अमन पुरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




















