

महासमुंद: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 125.700 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस मामले में उत्तर प्रदेश के दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गांजा, पिकअप वाहन और मोबाइल फोन समेत कुल 70.93 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
जानकारी के अनुसार सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से उत्तर प्रदेश की ओर एक पिकअप वाहन में भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए वाहन में लदे कटहल के नीचे गांजे की बोरियां छिपा रखी थीं।सूचना पर एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस ने रेहटीखोल चेकपोस्ट पर संयुक्त जांच अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन (UP-70 LT-0860) को रोककर तलाशी ली गई। जांच में कटहल के नीचे छिपाकर रखी गई चार प्लास्टिक बोरियों से 125.700 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।पुलिस पूछताछ में वाहन चालक ने अपना नाम धीरेंद्र कुमार गौतम (42) निवासी करछना, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) तथा उसके साथी ने लवकुश गौतम (22) निवासी बारा, जिला प्रयागराज बताया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि बरामद गांजा ओडिशा के बलांगीर जिले से लाया गया था, जिसे उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में खपाने की योजना थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 62.85 लाख रुपये मूल्य का गांजा, 8 लाख रुपये कीमत का टाटा माजदा पिकअप वाहन और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य 70 लाख 93 हजार रुपये आंका गया है।पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) (ई) (सी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। महासमुंद पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। मामले की जांच जारी है तथा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।





















