

अंबिकापुर/ लखनपुर। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर दो अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोग घायल हो गए। पहला हादसा अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर ग्राम जुनाडीह के चुल्हट नाला के पास हुआ, जहां दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, आमगांव निवासी राजू (40) अपने भतीजे मुकेश (38) के साथ बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ग्राम चैनपुर, सीतापुर निवासी अंकित किंडो की बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर पहुंचाया गया। अस्पताल में उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, एक घायल की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
लोसंगी नर्सरी के पास पलटी कार, शिक्षक दंपति घायल
इसी बीच लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लोसंगी नर्सरी के समीप मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। हादसे में कार सवार शिक्षक तीरथ राम साहू और उनकी पत्नी घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीरथ राम साहू लखनपुर विकासखंड के ग्राम अरगोती मिडिल स्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के पहले दिन वह अपनी पत्नी के साथ बिलासपुर से स्कूल पहुंचे थे। ड्यूटी पूरी करने के बाद लौटते समय चालक को नींद की झपकी आने से कार से नियंत्रण हट गया और वाहन सड़क किनारे खेत में पलट गया।हादसे के बाद कार पूरी तरह उलट गई और दंपति वाहन के अंदर फंस गए। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत कर दोनों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की सहायता से लखनपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।





















