

बलरामपुर/राजपुर। बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हरितिमा गेट के पास शुक्रवार दोपहर लगभग 4:30 बजे एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि निर्माणाधीन एनएच-343 पर उड़ रही धूल के कारण दृश्यता प्रभावित होने से अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार धनराज रवि पिता शरीफा रवि(40 वर्ष) निवासी शिवपुर राजपुर से गैस सिलेंडर लेकर अपने गांव शिवपुर लौट रहा था। इसी दौरान हरितिमा गेट के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माणाधीन सड़क पर लगातार उड़ रही धूल के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है।घटना की सूचना मिलने पर राजपुर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।




















