

अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष राकेश गुप्ता से जुड़े विभिन्न ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। ईडी की टीम सुबह से ही मानसून एग्रो सहित कई परिसरों में पहुंचकर दस्तावेजों और वित्तीय अभिलेखों की गहन जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद की राशि में कथित गड़बड़ी और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामले को लेकर की जा रही है। जांच एजेंसी को डीएमएफ फंड के उपयोग और उससे जुड़े लेन-देन में अनियमितता की आशंका है, जिसके आधार पर यह छापेमार कार्रवाई की गई है।
सूत्रों के मुताबिक, ईडी के अधिकारी संबंधित दस्तावेजों, बैंकिंग रिकॉर्ड, वित्तीय लेन-देन और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की बारीकी से जांच कर रहे हैं। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और संबंधित परिसरों में बाहरी लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि अंबिकापुर स्थित मानसून एग्रो समेत राकेश गुप्ता से जुड़े अन्य ठिकाने भी जांच के दायरे में हैं। हालांकि, ईडी की ओर से अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
गौरतलब है कि डीएमएफ फंड का उपयोग खनन प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों, स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए किया जाता है। ऐसे में इस मद की राशि में कथित अनियमितताओं के आरोपों को गंभीर माना जा रहा है।
फिलहाल ईडी की कार्रवाई जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है।





















