ईरान और अमेरिका के बीच बढ़े तनाव के बाद ईंधन की कीमतों को लेकर चर्चाएं लगातार तेज हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक नया दावा वायरल हो रहा है। इसमें कहा जा रहा है कि 5 अगस्त से E20 पेट्रोल 105 से 110 रुपये प्रति लीटर की दर से मिलेगा, जबकि 100 प्रतिशत शुद्ध पेट्रोल अलग कीमत पर बेचा जाएगा। इस दावे के सामने आने के बाद लोगों के बीच भ्रम की स्थिति बन गई है।

पेट्रोलियम मंत्रालय ने बताया क्या है सच

वायरल हो रहे दावे पर पेट्रोलियम मंत्रालय ने स्थिति साफ कर दी है। मंत्रालय ने कहा कि 5 अगस्त से E20 पेट्रोल की कीमत 110 रुपये प्रति लीटर तय करने जैसा कोई फैसला नहीं लिया गया है। मंत्रालय के अनुसार सोशल मीडिया पर चल रही यह जानकारी पूरी तरह भ्रामक है।

मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि देश में E20 पेट्रोल की बिक्री पहले से चल रहे एथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल कार्यक्रम के तहत ही जारी है और इसमें कोई नया बदलाव नहीं किया गया है।

हर शहर में अलग है पेट्रोल का भाव

देशभर में पेट्रोल की कीमतें शहर और राज्य के टैक्स के आधार पर अलग-अलग होती हैं। मई 2026 में कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिली थी। फिलहाल दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 102.12 रुपये प्रति लीटर है।

क्या 125 रुपये लीटर मिलेगा शुद्ध पेट्रोल?

सोशल मीडिया पर यह दावा भी किया जा रहा है कि सरकार जल्द बिना एथेनॉल वाला पेट्रोल 110 या 125 रुपये प्रति लीटर में बेचेगी। हालांकि सरकार ने ऐसा कोई ऐलान नहीं किया है।

असल में 125 रुपये प्रति लीटर का आंकड़ा मौजूदा या प्रस्तावित कीमत नहीं, बल्कि एक संभावित स्थिति का उदाहरण था, जिसे गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।

125 रुपये वाला आंकड़ा आखिर कहां से आया

पेट्रोलियम मंत्रालय ने पहले बताया था कि यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत करीब 135 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच जाती और पेट्रोल में एथेनॉल की ब्लेंडिंग नहीं होती, तो दिल्ली में पेट्रोल की कीमत करीब 125 रुपये प्रति लीटर तक जा सकती थी।

मंत्रालय के अनुसार एथेनॉल मिश्रण की वजह से ईंधन की कीमतों पर दबाव कम रखने में मदद मिली। इसलिए 125 रुपये प्रति लीटर का आंकड़ा केवल संभावित स्थिति का उदाहरण था, न कि मौजूदा या नई कीमत।

E20 को लेकर नितिन गडकरी ने क्या कहा था

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी पहले भी E20 ईंधन को लेकर कई बार अपनी राय रख चुके हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि भविष्य में यदि उपभोक्ताओं को अलग-अलग विकल्प उपलब्ध कराए जाते हैं, तो 100 प्रतिशत शुद्ध पेट्रोल की कीमत करीब 168 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच सकती है। वहीं एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल इससे काफी सस्ता रहेगा।

उन्होंने यह भी बताया था कि सरकार एथेनॉल की खरीद लगभग 54 से 66 रुपये प्रति लीटर की दर पर करती है, जिससे ईंधन की लागत नियंत्रित रखने में मदद मिलती है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!