

अंबिकापुर: सामाजिक कार्यकर्ता, अधिवक्ता एवं आरटीआई एक्टिविस्ट डॉ. डी.के. सोनी को जनहित, सामाजिक न्याय और भ्रष्टाचार के खिलाफ उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित "प्राइड ऑफ साउथर्न इंडिया अवार्ड 2026" से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें 27 जून 2026 को हैदराबाद के होटल द पार्क में आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया गया।
इस समारोह में प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री एवं राज्यसभा सांसद जया प्रदा ने डॉ. सोनी को सम्मान पत्र और अवार्ड प्रदान किया। उन्हें यह सम्मान आरटीआई, जनहित याचिकाओं, सुशासन और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए दिया गया।इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम का आयोजन इनसाइटसक्सेस एंड ट्रेड मीडिया के फाउंडर मनीष भंसाली द्वारा किया गया था। समारोह में देशभर से आए डॉक्टरों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों और विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट व्यक्तियों की मौजूदगी रही।
डॉ. डी.के. सोनी लंबे समय से सामाजिक न्याय, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार के खिलाफ सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। अपनी संस्था "सरगुजा सोसाइटी फॉर फास्ट जस्टिस" के माध्यम से वे आम नागरिकों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। आरटीआई और जनहित याचिकाओं के जरिए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मामलों को न्यायालयों तक पहुंचाया और अनेक मामलों में सफल कानूनी लड़ाई भी लड़ी है।
सरकारी विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को उजागर करने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर उन्होंने कई मामलों में जांच और कार्रवाई सुनिश्चित कराते हुए संबंधित अधिकारियों और व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराने में सफलता हासिल की है।डॉ. सोनी को मिले इस राष्ट्रीय सम्मान से अंबिकापुर सहित पूरे सरगुजा क्षेत्र में खुशी का माहौल है। अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और उनके शुभचिंतकों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. डी.के. सोनी ने कहा कि यह पुरस्कार उन्हें जनहित, सामाजिक न्याय और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए और अधिक समर्पण एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने भविष्य में भी समाज के वंचित और जरूरतमंद लोगों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।











