

लंबित राजस्व प्रकरणों को शीघ्र निराकरण करने के दिए निर्देश
बलरामपुर।जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर की अध्यक्षता में संयुक्त जिला कार्यालय भवन के सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में श्रीमती तोमर ने राजस्व प्रकरण, सुशासन तिहार, आवश्यक ईंधनों की उपलब्धता, प्रधानमंत्री आवास, स्वास्थ्य सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला पंचायत सीईओ तोमर ने राजस्व प्रकरणों की गहन समीक्षा की। उन्होंने अविवादित नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा सहित अन्य राजस्व प्रकरणों का त्वरित एवं प्राथमिकता के साथ निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों से जुड़े राजस्व प्रकरणों का भी शीघ्र निराकरण करें। उन्होंने जनचौपाल, जनदर्शन, ई-समाधान, पीजीपोर्टल में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की जानकारी लेते हुए लंबित आवेदनों का गंभीरता से लेते हुए शीघ्र निराकरण करने के दिए निर्देश। जिला पंचायत सीईओ ने एग्री स्टेक में जिले के सभी पात्र किसानों को शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंच सके।
सुशासन तिहार अंतर्गत प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की विभागवार समीक्षा करते हुए जिला पंचायत सीईओ ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी विभाग आवेदनों के निराकरण में प्रगति लाएं। उन्होंने कहा कि शासन की मंशानुरूप जन समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान कर आमजनों को त्वरित राहत प्रदान करना सुनिश्चित करें। जिला पंचायत सीईओ ने विकासखंडवार आवश्यक ईंधन पेट्रोल एवं डीजल की उपलब्धता की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने संबंधितों से आवश्यक सेवाओं एवं आमजनों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ईंधन की सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए जिला पंचायत सीईओ ने लक्ष्य अनुरूप प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने पूर्ण एवं अपूर्ण आवासों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने लंबित आवासों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए, उन्होंने पीएम जनमन अंतर्गत स्वीकृत गतिविधियों की भी जानकारी लेकर प्रगति लाने को कहा। उन्होंने मनरेगा अंतर्गत कार्य प्रगति, मजदूरी भुगतान की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश भी दिए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत श्रीमती तोमर ने महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जोड़ने एवं उन्हें आजीविका गतिविधियों से लाभान्वित करने की बात कही।
सीईओ श्रीमती तोमर ने स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत संस्थागत प्रसव, एएनसी पंजीयन, आरसीएच पोर्टल में प्रविष्टि की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने मोबाइल मेडिकल यूनिट के नियमित संचालन एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत सीईओ ने आयुष्मान कार्ड एवं वय वंदन कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष पात्र हितग्राहियों के कार्ड शीघ्र बनाने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें समय पर स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ मिल सके।
जिला पंचायत सीईओ ने महतारी वंदन योजना अंतर्गत ई-केवाईसी के अद्यतन जानकारी ली। उन्होंने प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना अंतर्गत सभी पात्र हितग्राहियों का पंजीयन करने को कहा। उन्होंने आंगनबाड़ी संचालन, एनआरसी सेंटर संचालन की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश भी दिए।
बैठक में अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, अभिषेक गुप्ता, आर.एन. पाण्डेय, सर्व अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सहित विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।





















