

बलरामपुर: बलरामपुर जिले के कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवसराकला में महज 1000 रुपये के विवाद ने एक बुजुर्ग की जान ले ली। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक धारी उरांव (63 वर्ष) और आरोपी संजीत भगत एक ही गांव के निवासी हैं। भैंसा बिक्री के दौरान 1000 रुपये कम मिलने को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। घटना 6 फरवरी की रात करीब 8 बजे की है, जब आरोपी अपने घर के बाहर खाना खा रहा था। इसी दौरान नशे में पहुंचे धारी उरांव ने फिर से पैसे को लेकर विवाद शुरू कर दिया।इस पर आरोपी ने गुस्से में आकर थाली से हमला करते हुए धारी उरांव को पटक दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। परिजनों ने पहले शंकरगढ़ और बाद में रायपुर अस्पताल में उनका इलाज कराया, जहां 21 फरवरी को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।मामले में पहले मारपीट की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया था, लेकिन मौत के बाद धारा 103(1) बीएनएस (हत्या) जोड़ दी गई। पुलिस ने आरोपी संजीत भगत को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

































