

कोरिया: छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार जिला कोरिया का दौरा किया। गौरतलब है कि वे जिला कोरिया के प्रथम पुलिस अधीक्षक भी रह चुके हैं। बैकुण्ठपुर पहुंचने पर पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक झा, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. सुरेशा चौबे सहित जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
इस दौरे के दौरान रक्षित केंद्र बैकुण्ठपुर के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित बैठक में पुलिस महानिदेशक ने जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा और पुलिसिंग की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से विभिन्न पुलिस कार्यों की जानकारी ली और प्रभावी, जवाबदेह एवं जनोन्मुखी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बैठक में उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निष्पक्ष, संवेदनशील एवं जनहितैषी दृष्टिकोण के साथ कार्य करने, आमजन से बेहतर संवाद स्थापित करने तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम, सामुदायिक पुलिसिंग और आधुनिक तकनीक आधारित पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए।दौरे के दौरान भारत सरकार के "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत पुलिस लाइन परिसर में पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम और पुलिस महानिरीक्षक दीपक झा ने वृक्षारोपण किया। इसके बाद आयोजित सड़क सुरक्षा मितान सम्मेलन में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी पालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले सड़क सुरक्षा मितानों और राहवीर योजना के तहत सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की समय पर सहायता कर दो लोगों की जान बचाने वाले नागरिकों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही दुर्घटना में घायलों को त्वरित प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से फर्स्ट एड किट बैग का भी वितरण किया गया।
पुलिस महानिदेशक ने कहा कि जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से अनुशासन, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते हुए संवेदनशील एवं जवाबदेह पुलिसिंग को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, समस्त राजपत्रित अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), थाना एवं चौकी प्रभारी सहित जिले के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।











