रायपुर। छत्तीसगढ़ में जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के बीच विवाद गहराता नजर आ रहा है। रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के बाद अब दुर्ग सांसद विजय बघेल ने भी दो नगर निगम आयुक्तों के खिलाफ लोकसभा अध्यक्ष के समक्ष विशेषाधिकार हनन की शिकायत दर्ज कराई है। इस घटनाक्रम के बाद प्रदेश की राजनीति में नई बहस शुरू हो गई है।

दो नगर निगम आयुक्तों पर लगाए गंभीर आरोप

दुर्ग सांसद विजय बघेल ने भिलाई नगर निगम के तत्कालीन आयुक्त राजीव कुमार पांडेय और भिलाई-चरोदा नगर निगम के आयुक्त डीएस राजपूत के खिलाफ शिकायत करते हुए आरोप लगाया है कि दोनों अधिकारियों ने जनप्रतिनिधि होने के बावजूद अपेक्षित सहयोग नहीं किया।

सांसद का कहना है कि कई बार संपर्क करने के बावजूद अधिकारियों ने उनके फोन का जवाब नहीं दिया। इसके अलावा जनहित से जुड़े मामलों में जरूरी जानकारी उपलब्ध कराने और सहयोग करने से भी परहेज किया गया।

पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला

इससे पहले रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया के खिलाफ लोकसभा अध्यक्ष से शिकायत की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि फोन पर बातचीत के दौरान उनके साथ आपत्तिजनक व्यवहार किया गया। इस मामले की जानकारी भी लोकसभा सचिवालय ने संबंधित पक्षों से मांगी है।

लोकसभा सचिवालय ने मांगा जवाब

विजय बघेल की शिकायत के बाद लोकसभा सचिवालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार और संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि शासन इस मामले में क्या रुख अपनाता है और आगे क्या कार्रवाई होती है।

प्रशासन और राजनीति के बीच बढ़ सकता है विवाद

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच इस तरह के विवाद समय रहते नहीं सुलझे तो प्रशासनिक व्यवस्था और राजनीतिक माहौल दोनों प्रभावित हो सकते हैं। ऐसे मामलों से शासन और प्रशासन के बीच समन्वय को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

भूपेश बघेल ने सरकार पर साधा निशाना

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर राज्य सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि चुने हुए सांसद के साथ इस तरह का व्यवहार संसदीय गरिमा के अनुरूप नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की कमान दिल्ली और नागपुर से संचालित हो रही है तथा जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा लोकतांत्रिक व्यवस्था और मतदाताओं के सम्मान के खिलाफ है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!