सूरजपुर: सूरजपुर के बहुचर्चित दोहरे हत्याकांड में फास्ट ट्रैक कोर्ट के फैसले के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। अदालत ने प्रधान आरक्षक की पत्नी और नाबालिग बेटी की हत्या से जुड़े मामले में मुख्य आरोपी कुलदीप साहू समेत चार आरोपियों को दोषी ठहराया है। वहीं दो आरोपियों को अदालत ने दोषमुक्त कर दिया। दोषी ठहराए गए आरोपियों की सजा पर फैसला 8 अक्टूबर को सुनाया जाएगा।

दोहरे हत्याकांड में चार आरोपी दोषी

मामले की सुनवाई सूरजपुर के फास्ट ट्रैक कोर्ट में न्यायाधीश आनंद प्रकाश वारियाल की अदालत में हुई। अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर कुलदीप साहू, चंद्रकांत चौधरी, रिंकू उर्फ फूल सिंह और आर्यन विश्वकर्मा को हत्या सहित दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट से जुड़े आरोपों में दोषी माना। वहीं सूरज साहू और निलकेश्वर साहू को दोषमुक्त किया गया।

13 अक्टूबर 2024 की रात हुई थी वारदात

यह मामला 13 अक्टूबर 2024 की रात का है। पुलिस परिवार से जुड़ी महिला और उसकी 11 वर्षीय बेटी की हत्या के बाद दोनों के शवों को घर से दूर ले जाकर खेत में फेंके जाने की बात जांच में सामने आई थी। जांच के दौरान महिला के साथ दुष्कर्म और नाबालिग से जुड़े पॉक्सो एक्ट के आरोप भी मामले में शामिल किए गए थे। घटना के बाद पुलिस ने कुलदीप साहू समेत छह लोगों को आरोपी बनाया था।

पुलिसकर्मियों पर हमले का भी था आरोप

हत्याकांड से पहले और बाद में पुलिसकर्मियों के साथ हुई घटनाओं ने भी मामले को गंभीर बना दिया था। पुलिस के मुताबिक, कुलदीप साहू पर आरक्षक घनश्याम सोनवानी पर गर्म तेल फेंककर हमला करने का आरोप लगा था। इसके अलावा पुलिसकर्मियों पर वाहन चढ़ाने की कोशिश का मामला भी दर्ज हुआ था।इसी मामले में प्रधान आरक्षक उदय सिंह पर वाहन चढ़ाकर जान से मारने की कोशिश के प्रकरण में अदालत ने कुलदीप साहू को 10 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। हालांकि इसी मामले में नामजद अन्य आरोपियों को साक्ष्यों के अभाव में बरी किया गया।

फायरिंग मामले में भी आया फैसला

आरोपियों की तलाश के दौरान तत्कालीन विश्रामपुर थाना प्रभारी पर लटोरी क्षेत्र में फायरिंग करने का मामला भी सामने आया था। इस प्रकरण में कुलदीप साहू और सूरज साहू आरोपी बनाए गए थे। अदालत ने हत्या के प्रयास का आरोप सिद्ध नहीं होने पर दोनों को बरी कर दिया।

अब 8 अक्टूबर पर टिकी नजर

करीब दो साल से चल रही सुनवाई के बाद दोहरे हत्याकांड में चार आरोपियों को दोषी ठहराए जाने के बाद अब अगली तारीख महत्वपूर्ण हो गई है। अदालत 8 अक्टूबर को दोषी पाए गए चारों आरोपियों की सजा के बिंदु पर फैसला सुनाएगी। इस फैसले का इंतजार पीड़ित परिवार के साथ पूरे सूरजपुर में किया जा रहा है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!