लखनपुर/ प्रिंस सोनी: नगर पंचायत लखनपुर में निर्माण कार्यों को लेकर नया विवाद सामने आया है। नगर पंचायत उपाध्यक्ष नेहा सन्नी बंसल ने वार्ड क्रमांक-08 स्थित पुराने बस स्टैंड के पास हमर क्लिनिक के समीप निर्माणाधीन दुकानों का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य में नियमों की अनदेखी तथा भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए।

जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद उपाध्यक्ष शुक्रवार सुबह निर्माण स्थल पर पहुंचीं। इस दौरान नगर पंचायत के उप अभियंता, पार्षद, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य को लेकर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच बहस की स्थिति बन गई।उपाध्यक्ष ने दावा किया कि सरगुजा कलेक्टर के वर्ष 2025 के आदेश के अनुसार अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग से 22.50 मीटर की दूरी छोड़कर दुकानों का निर्माण किया जाना था, लेकिन मौके पर माप करने के दौरान निर्माण कार्य मुख्य सड़क से करीब 13 मीटर की दूरी पर पाया गया। इसे नियमों के विपरीत बताते हुए उन्होंने तत्काल नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को जानकारी दी और मौके पर बुलाने का प्रयास किया।

उपाध्यक्ष का आरोप है कि सीएमओ निरीक्षण स्थल पर नहीं पहुंचे और उनके साथ दूरभाष पर अभद्र व्यवहार किया गया। वहीं, नगर पंचायत के पार्षदों ने भी निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के पालन को लेकर सवाल उठाए।मामले में उप अभियंता ने बताया कि निर्माण कार्य का लेआउट जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया गया है तथा सभी कार्य निर्धारित नियमों के अनुरूप किए जा रहे हैं। दूसरी ओर, सीएमओ ने भी दूरभाष पर कहा कि नगर पंचायत द्वारा सभी निर्माण कार्य नियमों के तहत कराए जा रहे हैं।उपाध्यक्ष नेहा सन्नी बंसल ने नगर पंचायत के अन्य कार्यों में भी अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। उन्होंने मामले की शिकायत नगरीय प्रशासन विभाग सहित संबंधित विभागों को भेजने और जांच के बाद दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है।

विवाद बढ़ने के बाद फिलहाल निर्माण कार्य को रोक दिया गया है। बताया जा रहा है कि जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं किया जाएगा। मामले को लेकर नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं और अब सभी की नजर प्रशासनिक जांच तथा आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!