अम्बिकेश गुप्ता

कुसमी:  पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने एवं स्वच्छ वातावरण के उद्देश्य से शनिवार को जिला बलरामपुर - रामानुजगंज अंतर्गत थाना कोरंधा परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पुलिस बल, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल तथा क्षेत्र के सामाजिक प्रतिनिधियों की उपस्थिति में थाना परिसर के भीतर लगभग 30 फलदार, फूलदार एवं अन्य प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा लोगों को अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना रहा।

वृक्षारोपण कार्यक्रम का नेतृत्व थाना प्रभारी विमलेश सिंह ने किया। इस दौरान एएसआई दशरथ कुजूर, प्रधान आरक्षक शैलेश कुमार सिंह, लोहर साय, निर्मल एक्का तथा आरक्षक कपिल खेस, रंजीत कुमार एवं अनिल कुजूर सहित थाना कोरंधा के पुलिस अधिकारी एवं जवानों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सामाजिक प्रतिनिधियों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।

कार्यक्रम के दौरान थाना परिसर में फलदार, फूलदार एवं छायादार प्रजातियों के लगभग 30 पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। बढ़ते प्रदूषण और घटते हरित क्षेत्र को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करनी चाहिए।

थाना प्रभारी विमलेश सिंह ने संदेश देते हुवे कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें सुरक्षित रखकर वृक्ष बनने तक उनकी देखभाल करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने सभी से पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी पुलिस जवानों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!