

रायपुर। नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में लोकभवन के पास जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी देखने को मिली। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।
दिल्ली में पीएम आवास के बाहर भी कांग्रेस का धरना
इधर, दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस ने व्यापक स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। धरना स्थल पर पहुंची दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को हिरासत में ले लिया।
राहुल गांधी को लगी चोट
हिरासत में लिए जाने के दौरान राहुल गांधी की नाक में चोट लग गई, जिससे खून बहने लगा। बाद में राहुल गांधी और अखिलेश यादव को छत्रसाल स्टेडियम ले जाया गया। राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने की घटना के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कड़ी नाराजगी जताई।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी हिरासत में
दिल्ली में हुए प्रदर्शन में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शामिल थे। उन्हें भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास के बाहर से उन्हें और अन्य वरिष्ठ नेताओं को पुलिस बस में बैठाकर ले गई। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली पुलिस ने उनका एक जूता भी अपने पास रख लिया है।
कांग्रेस ने सरकार के सामने रखीं तीन प्रमुख मांगें
- केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का तत्काल इस्तीफा लिया जाए।
- नीट परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं और छात्रों के भविष्य की सुरक्षा के मुद्दे पर संसद में विस्तृत चर्चा कराई जाए।
- दिल्ली की घटनाओं के बाद छात्रों के खिलाफ दर्ज की गई सभी एफआईआर को तत्काल वापस लिया जाए।











