

बलरामपुर/राजपुर। खरीफ सीजन की तैयारियों के बीच किसानों को पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने और खाद वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाने की मांग को लेकर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष नीरज तिवारी ने कलेक्टर बलरामपुर के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) राजपुर को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में कहा गया है कि मानसून आगमन के साथ ही धान सहित खरीफ फसलों की खेती की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। ऐसे समय किसानों को यूरिया, डीएपी एवं अन्य आवश्यक उर्वरकों की पर्याप्त मात्रा में आवश्यकता होती है। पिछले वर्षों में खाद की कमी, अनियमित आपूर्ति और वितरण व्यवस्था में अव्यवस्था के कारण किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था, जिससे कृषि कार्य प्रभावित हुआ है।
ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि जिले के सभी सहकारी समितियों एवं खाद वितरण केंद्रों में यूरिया, डीएपी और अन्य उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया जाए। किसानों के पंजीकृत रकबे के अनुसार खाद का वितरण किया जाए तथा कालाबाजारी और कृत्रिम कमी पैदा करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई की जाए।
इसके अलावा वितरण केंद्रों में अतिरिक्त काउंटर एवं आवश्यक व्यवस्थाएं कर किसानों की भीड़ और परेशानी कम करने, खाद उपलब्धता एवं वितरण की नियमित निगरानी करने तथा वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाए रखने की मांग भी की गई है।
नीरज तिवारी ने कहा कि किसानों को उनके रकबे के अनुरूप समय पर खाद उपलब्ध कराना आवश्यक है, ताकि बरसात के दौरान खेती-किसानी प्रभावित न हो और किसानों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र आवश्यक कार्रवाई कर खाद की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।





















