बलरामपुर/राजपुर। राजपुर थाना क्षेत्र के बरियों चौकी अंतर्गत ग्राम चाची में पुलिस द्वारा “चलित थाना” शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों को विभिन्न सामाजिक व कानूनी विषयों पर विस्तार से जागरूक किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

शिविर के दौरान पुलिस टीम ने साइबर अपराध से बचाव के उपायों पर विशेष जोर दिया। ग्रामीणों को बताया गया कि ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, लिंक और OTP के जरिए धोखाधड़ी तेजी से बढ़ रही है। लोगों को सतर्क रहने, किसी भी अनजान कॉल या मैसेज पर व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने तथा संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत पुलिस को सूचना देने की सलाह दी गई।

इसके साथ ही बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बाल विवाह कानूनन अपराध है और इससे बच्चों के भविष्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे इस कुप्रथा को समाप्त करने में सहयोग करें और किसी भी ऐसी घटना की जानकारी प्रशासन को दें।

शिविर में नशा मुक्ति को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। शराब, तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों को बताते हुए युवाओं को इससे दूर रहने की सलाह दी गई। पुलिस ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका बुरा असर पड़ता है।

इसके अलावा महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित अपराधों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। पुलिस ने घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, बाल शोषण जैसे मामलों में कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी और बताया कि किसी भी प्रकार की हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराई जानी चाहिए। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की गई।

वहीं यातायात नियमों के पालन को लेकर भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया। हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, नशे में वाहन न चलाने, मोबाइल का उपयोग करते हुए ड्राइविंग से बचने तथा गति सीमा का पालन करने की सलाह दी गई।

चौकी प्रभारी किरणेश्वर प्रताप सिंह ने बताया कि शिविर के दौरान किसी भी प्रकार का आवेदन प्राप्त नहीं हुआ, जो क्षेत्र में शांति व्यवस्था और पुलिस के प्रति जनता के विश्वास को दर्शाता है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!