

बलरामपुर: कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, न्यायालयीन प्रकरण, राजस्व प्रकरण, सामाजिक सुरक्षा तथा शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा करते हुए प्रगति लाने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब अथवा उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के अंतर्गत दर्ज शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशानुरूप आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण करना है। उन्होंने लंबित प्रकरणों की स्थिति पर असंतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर शिकायतों का संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सामाजिक सहायता पेंशन से संबंधित प्रकरणों को विशेष प्राथमिकता से निराकरण करें।
कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा जनपद पंचायत के सीईओ को जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्रों के निर्गमन की प्रतिदिन प्रगति की निगरानी करने और लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिक सेवाओं से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कलेक्टर ने राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग में प्राप्त आवेदनों के निस्तारण में अपेक्षित गति लाने के निर्देश दिए।
एग्रीस्टैक पंजीयन की समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि एग्रीस्टैक पंजीयन शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, इसके बावजूद कई क्षेत्रों में प्रगति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने कहा कि पंजीयन कार्य में किसी भी प्रकार की उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने, नियमित मैदानी भ्रमण कर प्रगति की सतत निगरानी सुनिश्चित करने तथा निर्धारित लक्ष्य को समय-सीमा में पूर्ण करने को कहा। कलेक्टर ने समितिवार खाद एवं बीज की भण्डारण तथा उठाव की स्थिति की जानकारी लेते हुए किसानों को समय पर कृषि आदान सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उच्च न्यायालय से संबंधित लंबित प्रकरणों के निराकरण पर फोकस करते हुए कलेक्टर ने निर्धारित अवधि में आवश्यक कार्रवाई पूर्ण कर अनुपालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीजी पोर्टल, जनदर्शन एवं जन शिकायत के माध्यम से प्राप्त आवेदनों के भी निराकरण में तेजी लाने को कहा। उन्होंने राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए सीमांकन, नामांतरण एवं बंटवारा प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि राजस्व संबंधी मामलों के लंबित रहने से नागरिकों को अनावश्यक परेशानी होती है, इसके लिए त्वरित समाधान सुनिश्चित करते हुए आपेक्षिक प्रगति लाएं।
वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर ने सभी नगरीय निकायों में नालियों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा स्वच्छता संबंधी सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान जलभराव एवं जन सुविधाओं में किसी प्रकार की बाधा की स्थिति निर्मित न हो, इसके लिए पूर्व तैयारी सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केन्द्रों के संचालन तथा बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने पर जोर दिया उन्होंने ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में पंजीयन में भी प्रगति लाने को कहा। सामाजिक सहायता पेंशन हितग्राहियों के आधार प्रमाणीकरण की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अभियान चलाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
16 जून से प्रारंभ होने वाले नवीन शैक्षणिक सत्र के मद्देनजर कलेक्टर ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को शाला प्रवेश उत्सव आयोजन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था एवं पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री स्वनिधि मेले की जानकारी लेते हुए कहा कि नगरीय क्षेत्रों के पात्र स्ट्रीट वेंडर्स एवं फुटकर व्यवसायियों तक योजना की जानकारी पहुंचाते हुए उन्हें ऋण एवं अन्य सुविधाओं का लाभ दिलाएं। बैठक में केंद्र सरकार के 12 वर्ष कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के कार्यक्रम अंतर्गत 18 से 20 जून 2026 तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय शिविर की तैयारियों की भी समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविर में सभी जिला स्तरीय अधिकारी भी अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें।
वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि वृक्षारोपण अभियान शासन की प्राथमिकता से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, इसलिए इसकी तैयारी सुनियोजित एवं प्रभावी ढंग से करें। कलेक्टर ने विभागवार संभावित स्थलों का चयन, पर्याप्त संख्या में पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा रोपे गए पौधों के संरक्षण के लिए भी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान को जनभागीदारी से जोड़ते हुए अधिकाधिक वृक्षारोपण करें।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर चेतन बोरघरिया, आर.एन. पाण्डेय, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।





















