बलरामपुर: आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित सीएम हेल्पलाइन 1076 लोगों के लिए भरोसे का माध्यम बन रही है। बलरामपुर- रामानुजगंज जिले के ग्राम खजुरी निवासी राम सौरथ इसका जीवंत उदाहरण हैं, जिन्हें जन्म प्रमाण पत्र संबंधी समस्या के समाधान में राहत मिली।

विकासखंड बलरामपुर के ग्राम खजुरी निवासी राम सौरथ ने अपने बच्चे के जन्म प्रमाण पत्र के संबंध में सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया है कि उनके बच्चे का जन्म 11 जून 2025 को हुआ था तथा जन्म के उपरांत आवश्यक दस्तावेज संबंधित स्वास्थ्य केंद्र में जमा किए गए थे। इसके बावजूद कई माह बीत जाने के बाद भी जन्म प्रमाण पत्र जारी नहीं हो पाया था, जिससे उन्हें विभिन्न आवश्यक कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

शिकायत प्राप्त होने पर जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। शासन एवं जिला प्रशासन की संवेदनशील पहल तथा अधिकारियों की सक्रियता के परिणामस्वरूप मामले का परीक्षण कर जन्म प्रमाण पत्र जारी करने की आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण की गई तथा शिकायत का निराकरण सुनिश्चित किया गया।

राम सौरथ ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराने के बाद उनकी समस्या पर शीघ्र ध्यान दिया गया। उन्होंने शासन, जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस व्यवस्था से आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए एक बेहतर मंच मिला है।

सीएम हेल्पलाइन 1076 शासन की जनोन्मुखी सोच का परिणाम है, जो नागरिकों और प्रशासन के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बनकर उभरी है। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन द्वारा प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निराकरण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे आमजन को त्वरित राहत मिल रही है और शासन की योजनाओं एवं सेवाओं के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हो रहा है।

सीएम हेल्पलाइन 1076 में शिकायत कैसे दर्ज करें

शासन द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के लिए सीएम हेल्पलाइन 1076 की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। जिसके माध्यम से आमजन किसी भी विभाग से संबंधित शिकायत 24*7 दर्ज करा सकते हैं। इसके संचालन हेतु चौबीसों घंटे कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।कोई भी नागरिक शासकीय योजनाओं, सेवाओं अथवा अन्य विभागीय समस्याओं से संबंधित शिकायत दर्ज कराने के लिए टोल फ्री नंबर 1076 पर कॉल कर सकता है।

शिकायत दर्ज करते समय आवेदक को अपनी समस्या का संक्षिप्त विवरण तथा आवश्यक जानकारी उपलब्ध करानी होती है। शिकायत दर्ज होने के बाद एक पंजीयन क्रमांक प्रदान किया जाता है, जिसके माध्यम से शिकायत की प्रगति की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

प्राप्त शिकायत संबंधित विभाग को भेजी जाती है, जहां उसका परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण की कार्रवाई की जाती है। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप सीएम हेल्पलाइन आमजन और प्रशासन के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बनकर नागरिकों की समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!