
वैशाली। बिहार के हाजीपुर में घर लौट रहे एक नाबालिग के साथ कथित यौन उत्पीड़न, मारपीट और लूटपाट का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में इस्तेमाल किया गया ऑटो जब्त कर लिया है। वहीं, तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान शिकायत में मारपीट के साथ यौन अपराध से जुड़ी जानकारी भी सामने आई।
ऑटो में सवारी बनाकर बैठाया, फिर सुनसान जगह ले जाने का आरोप
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना 15 अक्टूबर की है। नाबालिग घर जाने के लिए रास्ते में ऑटो का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान आरोपी ऑटो लेकर वहां पहुंचे और उसे सवारी के तौर पर बैठा लिया। आरोप है कि इसके बाद वे उसे जबरन एक सुनसान स्थान पर ले गए।बताया गया है कि एकारा पुल के पास नाबालिग ने विरोध किया, जिसके बाद उसके साथ मारपीट की गई। आरोपियों पर उसके साथ कथित अप्राकृतिक यौनाचार करने और लूटपाट का भी आरोप है।
किसी तरह बचकर निकला पीड़ित, अस्पताल में कराया गया भर्ती
घटना के बाद नाबालिग किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलने में सफल रहा। हालांकि, कुछ दूरी पर जाकर वह बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजनों को जानकारी मिलने पर उसे हाजीपुर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार कराया गया।
शिकायत के बाद पुलिस ने बनाई जांच टीम
एसडीपीओ सुबोध कुमार के अनुसार, पीड़ित पक्ष की ओर से तीन लोगों के खिलाफ मारपीट की शिकायत दी गई थी। इसके आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। जांच आगे बढ़ने पर नाबालिग के साथ कथित यौन अपराध की जानकारी भी सामने आई।पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारी के मुताबिक, दोनों ऑटो चलाते हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार करने की बात कही है। हालांकि, मामले में आगे की जांच जारी है।
तीसरे आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल ऑटो को जब्त कर लिया है और तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।



















