बलरामपुर: मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय आज वाड्रफनगर विकासखंड के रघुनाथनगर में शासकीय हाई स्कूल ग्राउंड पर आयोजित कर्मा महोत्सव में शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने बलरामपुर-रामानुजगंज जिले को 71 करोड़ 47 लाख 99 हजार रुपये के 694 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 54 करोड़ 20 लाख 62 हजार रुपये के 672 कार्यों का भूमिपूजन व शिलान्यास और 17 करोड़ 27 लाख 37 हजार रुपये के 22 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।

मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के दो बड़े सड़क कार्यों का शिलान्यास किया। वाड्रफनगर विकासखंड में 877.68 लाख रुपये से भगवानपुर से मेंढ़ारी तक 6 किलोमीटर लंबी सड़क बनेगी। रामचंद्रपुर विकासखंड में 492.74 लाख रुपये से डिण्डो-विमलापुर-नावाडीह मार्ग के 18 किलोमीटर हिस्से का मजबूतीकरण और उन्नयन होगा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की वीबी-जी राम जी योजना के तहत सभी विकासखंडों में होने वाले कार्यों का भी भूमिपूजन किया गया। इनमें 61.56 लाख रुपये से सरकारी स्कूलों में 9 अतिरिक्त कक्ष, 458.98 लाख रुपये से 27 पुलिया, 348.88 लाख रुपये से 25 मिट्टी-मुरुम सड़कें और 3180.78 लाख रुपये के 609 अन्य निर्माण कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की 7 एकल ग्राम नल-जल योजनाओं का लोकार्पण किया, जिनकी कुल लागत 1431.84 लाख रुपये है। बलरामपुर विकासखंड में ये योजनाएं भैंसामुण्डा, दलधोवा, खुर्रा और नवाडीहखुर्द में हैं, और रामचंद्रपुर विकासखंड में कुर्लुडीह, धनपुरी और तामेश्वरनगर में। इनसे इन गांवों में पेयजल की सुविधा बढ़ेगी। 100 बिस्तर वाले सिविल अस्पताल रामानुजगंज में 36.10 लाख रुपये की डायलिसिस यूनिट का भी लोकार्पण हुआ। अब किडनी रोगियों को इलाज के लिए जिले से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। इसके अलावा वीबी-जी राम जी योजना के तहत 140.28 लाख रुपये से बने 12 आंगनबाड़ी भवनों का लोकार्पण किया गया। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल ने राजपुर में 48.03 लाख रुपये से नवगठित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय भवन और कुसमी विकासखंड के चान्दो में 71.12 लाख रुपये से नवगठित तहसील कार्यालय भवन बनाया है। इन दोनों भवनों का भी लोकार्पण हुआ, जिससे लोगों को राजस्व से जुड़े कामों में सुविधा होगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!