

बलरामपुर: ‘हर शिकायत का त्वरित समाधान’ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की इसी सोच को साकार कर रही है मुख्यमंत्री हेल्पलाइन। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन आज केवल शिकायत दर्ज कराने का माध्यम नहीं, बल्कि आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसेमंद मंच बन चुकी है। जहां दर्ज हर शिकायत पर संवेदनशीलता और समयबद्धता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। कुसमी विकासखंड के नहालुकोना पारा में पांच माह से बंद पड़े हैंडपंप का कुछ ही समय में सुधार इसका जीवंत उदाहरण है।
कभी-कभी एक छोटी-सी शिकायत भी कई परिवारों की बड़ी परेशानी दूर कर देती है। विकासखंड कुसमी के ग्राम पंचायत चटनियां के नहालुकोना पारा में भी कुछ ऐसा ही हुआ। पिछले पांच महीनों से खराब पड़े हैंडपंप के कारण लोगों को हर दिन पानी के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को होती थी। सुबह की शुरुआत पानी की तलाश से होती और दिनभर पेयजल की चिंता बनी रहती थी।
इस समस्या से परेशान होकर ग्रामीण सूर्यकांत यादव ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई। जिस पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग टीम मौके पर पहुंच हैंडपंप की तकनीकी खराबी दूर की। हैंडपंप से दोबारा पानी निकलते ही नहालुकोना पारा में अब लोगों को पेयजल के लिए भटकना नहीं पड़ रहा है। घर के पास ही स्वच्छ पानी मिलने से ग्रामीणों की दिनचर्या आसान हो गई है।
ग्रामीणों ने कहा कि उन्हें भरोसा नहीं था कि इतनी शीघ्रता से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत का समाधान हो जाएगा। समस्या के त्वरित समाधान से शासन और प्रशासन के प्रति आमजनों का भरोसा और मजबूत हुआ है।
गौरतलब है कि कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिले में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान करने के निर्देश दिए हैं।










