रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और पिछले दो-तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के असर से राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश हो रही है। लगातार वर्षा के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जबकि लोगों का बिना रेनकोट और छाते के घर से निकलना मुश्किल हो गया है।

अगले 48 घंटे भारी बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तरी ओडिशा तथा पश्चिम बंगाल तट पर बने अवदाब का असर अगले 48 घंटे तक छत्तीसगढ़ में बना रहेगा। इस दौरान मध्य छत्तीसगढ़ के अधिकांश क्षेत्रों में व्यापक बारिश होने की संभावना है। कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा और कुछ इलाकों में अत्यधिक बारिश हो सकती है। हालांकि 8 जुलाई से प्रदेश में वर्षा की तीव्रता धीरे-धीरे कम होने के संकेत हैं।

इन इलाकों में हुई सबसे ज्यादा बारिश

बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कई स्थानों पर मूसलाधार वर्षा हुई। राजिम में 19 सेंटीमीटर, दुर्ग में 18 सेंटीमीटर, छुरा में 16 सेंटीमीटर, रायपुर शहर, राजनांदगांव और पाटन में 15-15 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

इसके अलावा गोबरा नवापारा और माना में 14-14 सेंटीमीटर, अर्जुन्दा में 13 सेंटीमीटर, लाभांडी और गुंडरदेही में 12-12 सेंटीमीटर, भिलाई में 11 सेंटीमीटर तथा कोमाखान में 10 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। मंदिर हसौद, डभरा, महासमुंद, बागबाहरा और अहिवारा में 8-8 सेंटीमीटर, जबकि धमतरी, धरसीवा, अभनपुर, डोंगरगढ़, गुरूर, मैनपुर, गरियाबंद, कुरूद सहित कई क्षेत्रों में 7-7 सेंटीमीटर बारिश हुई।

रायपुर में आज भी बारिश का दौर जारी रहेगा

मौसम विभाग ने रायपुर के लिए सोमवार को भी भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। दिनभर आसमान में घने बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ तेज बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। राजधानी का अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

कई जिलों में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने प्रदेश के अनेक जिलों के लिए अलग-अलग स्तर की चेतावनी जारी की है।

रेड अलर्ट वाले जिले

धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सूरजपुर और कोरिया में भारी से बहुत भारी बारिश, मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

ऑरेंज अलर्ट वाले जिले

बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, रायगढ़, सरगुजा समेत कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

येलो अलर्ट वाले जिले

सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका है।

लोगों के लिए जरूरी सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा आकाशीय बिजली के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। प्रशासन को भी संभावित आपदा से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!