

नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने देश के नए चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) के रूप में लेफ्टिनेंट जनरल एन एस राजा सुब्रमणि की नियुक्ति कर दी है। वे कार्यभार संभालने की तिथि से अगले आदेश तक सैन्य मामलों के विभाग (DMA) के सचिव की जिम्मेदारी भी निभाएंगे। वर्तमान CDS जनरल अनिल चौहान का कार्यकाल 30 मई 2026 को समाप्त हो रहा है, जिसके बाद राजा सुब्रमणि यह अहम जिम्मेदारी संभालेंगे।
लेफ्टिनेंट जनरल राजा सुब्रमणि फिलहाल 1 सितंबर 2025 से राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में सैन्य सलाहकार के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वे जुलाई 2024 से जुलाई 2025 तक सेना स्टाफ के उप प्रमुख रहे। वहीं, मार्च 2023 से जून 2024 तक उन्होंने केंद्रीय कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में भी सेवाएं दीं।
CDS का पद देश की तीनों सेनाओं थल सेना, वायु सेना और नौसेना के बीच बेहतर तालमेल और संयुक्त रणनीति तैयार करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। CDS सैन्य मामलों में सरकार का प्रमुख सलाहकार भी होता है और तीनों सेनाओं के बीच समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी निभाता है।
भारत में CDS पद की घोषणा वर्ष 2019 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के संबोधन में की थी। देश के पहले CDS जनरल बिपिन रावत थे, जिनका 2021 में हेलिकॉप्टर दुर्घटना में निधन हो गया था। इसके बाद जनरल अनिल चौहान को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी।कारगिल युद्ध के बाद तीनों सेनाओं के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता महसूस की गई थी। इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार ने CDS पद का गठन किया, ताकि रक्षा रणनीति और सैन्य निर्णयों में तेजी और बेहतर तालमेल सुनिश्चित किया जा सके।





















