

रायपुर: छत्तीसगढ़ में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए राज्य सरकार ने ग्रीष्मकालीन अवकाश की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब प्रदेश के सभी स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां 30 जून 2026 तक रहेंगी, जबकि नया शैक्षणिक सत्र 1 जुलाई 2026 (बुधवार) से शुरू होगा।
लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा 12 जून 2026 को जारी आदेश में बताया गया है कि पूर्व में स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश 20 अप्रैल से 15 जून 2026 तक घोषित किया गया था। हालांकि प्रदेश में पड़ रही तीव्र गर्मी और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए 16 जून से नियमित रूप से स्कूलों का संचालन करना संभव नहीं माना गया।राज्य शासन के स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देश पर अवकाश अवधि को बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत सभी संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया गया है, ताकि भीषण गर्मी के बीच बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।





















