कांकेर: कांकेर जिले के ताड़ोकी क्षेत्र में रविवार सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। करीब एक घंटे तक चली इस मुठभेड़ में कुछ नक्सलियों के घायल होने की खबर है। जवानों ने नक्सल कैंप को ध्वस्त कर दिया है। एसपी दिव्यांग पटेल ने मुठभेड़ की पुष्टि की है।

दरअसल, तड़के सुबह डीआरजी और बीएसएफ की संयुक्त टीम नक्सल गश्त पर रवाना हुई थी, तभी मुरनार के जंगलों में जवानों की नक्सलियों से मुठभेड़ हो गई। एक घंटे तक दोनों तरफ से जबरदस्त गोलीबारी हुई। जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली भाग खड़े हुए।जिसके बाद जवानों ने सर्चिंग अभियान चलाया और नक्सल कैंप को ध्वस्त करते हुए भारी मात्रा नक्सल सामग्री जब्त किया है। आशंका जताई जा रही है कि मुठभेड़ में कुछ नक्सली घायल भी हुए हैं। लेकिन साथी नक्सली उन्हें अपने साथ लेकर चले गए।

एसपी दिव्यांग पटेल ने बताया कि पुलिस-नक्सली मुठभेड़ हुई है। नक्सल कैंप ध्वस्त किया गया है। इलाके में सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है। जवानों के लौटने के बाद विस्तार से जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल सर्चिंग जारी है।

बता दें कि विधानसभा चुनाव को लेकर नक्सली लगातार बहिष्कार का ऐलान कर रहे हैं। नक्सली एक्टिव मोड पर हैं। पहले चरण में बस्तर संभाग में वोटिंग होनी है। जिसमें अब दो दिन ही शेष हैं। जिसको देखते हुए पुलिस ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है, ताकि नक्सली अपने नापाक मंसूबों पर कामयाब ना हो सकें।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!