बिलासपुर:  शहर के सरकंडा स्थित देवकीनंदन दीक्षित मुक्तिधाम के पास अटल आवास में रविवार देर रात अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से पांच बाइक जलकर खाक हो गईं। आग और धुएं से घबराए महिलाएं और बच्चे जान बचाने के लिए छत से कूद गए। इस दौरान एक युवक का पैर फ्रैक्चर हो गया। उसे एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के मुताबिक, अटल आवास के 24 ब्लॉक में 75 से अधिक लोग मौजूद थे। रात में अचानक बिजली मीटर और कनेक्शन के पास चिंगारी उठने के बाद धुआं फैलने लगा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। परिसर में खड़ी पांच बाइक आग की चपेट में आ गईं। बाइक के पेट्रोल और टायर तक आग पहुंचने से पटाखों जैसी आवाजें आने लगीं, जिससे रहवासियों में दहशत फैल गई।

रस्सी और साड़ी के सहारे लोगों को निकाला

आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर महिलाएं और बच्चे घबरा गए। बाहर निकलने का रास्ता तलाशते हुए लोग मदद के लिए चिल्लाने लगे। कुछ रहवासी कमरों में चादर ओढ़कर सुरक्षित निकलने का इंतजार करने लगे, जबकि कई लोग जान बचाने के लिए छत पर पहुंच गए।इस दौरान स्थानीय युवक मिक्की मिश्रा और उनके साथियों ने साहस दिखाते हुए रस्सी और साड़ी के सहारे महिलाओं और बच्चों को बाहर निकालने में मदद की। आग और धुएं से घबराकर कुछ लोग छत से कूद गए। इसी दौरान एक युवक का पैर फ्रैक्चर हो गया। उसे तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।

पुलिस और नगर सेना की टीम ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर सेना के आपदा प्रबंधन दल को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने सबसे पहले बिजली सप्लाई बंद कराई, जिसके बाद बचाव कार्य शुरू किया गया। सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्या के साथ सरकंडा और सिविल लाइन के सीएसपी भी मौके पर पहुंचे। दमकल की मदद से आग पर काबू पाया गया।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर बाइक खड़ी थीं, वहीं रहवासियों के बिजली मीटर और कनेक्शन भी लगे हुए हैं। शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी नीचे खड़ी बाइक तक पहुंची, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!