रायपुर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने अपनी कार्यशैली और भूमिका में बड़ा बदलाव करते हुए राज्य के अधोसंरचना विकास की दिशा में नई शुरुआत की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नया रायपुर स्थित सर्किट हाउस में मंडल के नए लोगो का विमोचन करते हुए कहा कि अब यह संस्था केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि प्रदेश के विकास कार्यों को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

नए लोगो के साथ नई सोच की शुरुआत

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मंडल के नए लोगो का अनावरण किया। इस लोगो का डिजाइन तैयार करने वाले अंशुल कश्यप को 2.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि नया लोगो मंडल की नई सोच, आधुनिक कार्यप्रणाली और विस्तारित जिम्मेदारियों का प्रतीक है।

आवास मेले के विजेताओं को मिले आकर्षक पुरस्कार

वर्ष 2025 के आवास मेले में मकान बुक करने वाले हितग्राहियों के लिए आयोजित लकी ड्रॉ में विजेताओं को कार, स्कूटी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन और एलईडी टीवी जैसे आकर्षक पुरस्कार दिए गए। सारंगढ़ की पूजा बरेठ ने प्रथम पुरस्कार के रूप में कार अपने नाम की।

दो वर्षों में 1,500 करोड़ से अधिक का राजस्व

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले दो वर्षों में मंडल ने 7,000 से अधिक परिसंपत्तियों का विक्रय कर 1,500 करोड़ रुपये से ज्यादा का राजस्व अर्जित किया है। इससे संस्था की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और अब वह बड़े अधोसंरचना प्रोजेक्ट्स को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की स्थिति में है।

18 लाख आवासों से लेकर सोलर योजना तक सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने पहली ही कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को मंजूरी दी थी। वर्तमान में लाखों परिवारों को पक्के घर मिल चुके हैं और नए आवासों का निर्माण लगातार जारी है। उन्होंने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, सेवा सेतु, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और बिजली बिल भुगतान समाधान योजना जैसी जनहितकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया।

अधोसंरचना विकास को मिलेगी नई गति

आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि गृह निर्माण मंडल को अधोसंरचना विकास मंडल के रूप में नई जिम्मेदारी मिलने से प्रदेश में पूंजीगत विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में नई आवासीय परियोजनाएं पर्याप्त बुकिंग मिलने के बाद ही शुरू की जाएंगी, ताकि वित्तीय जोखिम कम हो और संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।

मांग आधारित परियोजनाओं पर रहेगा विशेष जोर

मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने कहा कि संस्था अब मांग आधारित, गुणवत्तापूर्ण और आर्थिक रूप से व्यवहारिक परियोजनाओं को प्राथमिकता देगी। बेहतर वित्तीय प्रबंधन और नई कार्य संस्कृति के माध्यम से मंडल राज्य के विकास में अधिक प्रभावी भूमिका निभाने के लिए तैयार है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!