

कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र स्थित मीरा रिसॉर्ट में आयोजित जन्मदिन की पार्टी देर रात खूनी वारदात में बदल गई। शराब के नशे में दो गुटों के बीच शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने कैंपर वाहन से दूसरे युवक को कुचल दिया। घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
शराब पार्टी के दौरान भड़का विवाद
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पार्टी में करीब 20 से 25 युवक शामिल थे, जिनका संबंध कोल ट्रांसपोर्ट कारोबार से बताया जा रहा है। देर रात किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट और हिंसक झड़प में बदल गई।
कैंपर से कुचलकर ले ली जान
विवाद के बीच तुषार ढांढा ने कथित तौर पर कैंपर वाहन से उज्जवल सिंह को टक्कर मार दी। वाहन की चपेट में आने से उज्जवल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी वाहन समेत घटनास्थल से फरार हो गया।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपी की तलाश तेज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश के लिए अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
15 दिनों में चार हत्याओं से बढ़ी चिंता
कोरबा में पिछले 15 दिनों के दौरान चार हत्या की घटनाएं सामने आने से कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लगातार हो रही गंभीर वारदातों से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी मामलों में जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।
मीरा रिसॉर्ट पहले भी रहा विवादों में
स्थानीय लोगों का कहना है कि मीरा रिसॉर्ट में देर रात तक चलने वाली पार्टियों और वहां होने वाली गतिविधियों को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें की गई थीं। बावजूद इसके सख्त कार्रवाई नहीं होने से ऐसी गंभीर घटना सामने आई है। पुलिस अब इस पूरे मामले के साथ रिसॉर्ट की गतिविधियों की भी जांच कर रही है।











