नारायणपुर:  नक्सल गतिविधियों से मुक्त हो चुके नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों का सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के दौरान नारायणपुर पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। ग्राम अदनार के जंगल में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए पुराने हथियार डंप का पता लगाकर भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद की है।

जानकारी के मुताबिक, 29 अगस्त 2026 को नारायणपुर पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त टीम ग्राम अदनार और आसपास के जंगलों में सघन सर्चिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान अदनार गांव के उत्तर-पश्चिम दिशा में जंगल क्षेत्र में सुरक्षा बलों को नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया एक पुराना डंप मिला। सुरक्षा बलों ने मौके पर पहुंचकर डंप की तलाशी ली, जिसमें बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद हुई।

बरामद सामग्री में एक .303 राइफल, चार .315 राइफल और पांच 12 बोर राइफल  कुल 10 राइफल शामिल हैं। इसके अलावा दो बैरल ग्रेनेड लॉन्चर, एक टेलिस्कोपिक साइट, 13 जीवित बीजीएल शेल, 16 नग 12 बोर कारतूस और करीब दो किलोग्राम विस्फोटक पदार्थ बरामद किया गया है।यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सन्दीप कुमार पटेल और 129वीं वाहिनी बीएसएफ के कमांडेंट मुकेश कुमा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) अक्षय सबद्रा के मार्गदर्शन में की गई।सुरक्षा बलों के मुताबिक, नारायणपुर जिले के जिन इलाकों को नक्सल गतिविधियों से मुक्त कराया जा चुका है, वहां भी पुराने हथियार और विस्फोटक डंप की तलाश लगातार जारी है। जंगल और दुर्गम इलाकों में नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए हथियारों एवं अन्य सामग्री को बरामद कर क्षेत्र को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त कार्रवाई से जिले के अंदरूनी क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हुई है। सुरक्षा बलों का अभियान नक्सल गतिविधियों के बचे हुए अवशेषों को समाप्त करने और क्षेत्र में स्थायी शांति एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!