

सूरजपुर: सूरजपुर जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जयनगर थाना क्षेत्र के सिलफिली इलाके में स्थानीय लोगों की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक यात्री बस से करीब 8 क्विंटल गांजा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत लगभग 4 करोड़ 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान बस चालक समेत 6 महिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि गिरफ्तार महिलाओं के साथ उनके 4 दुधमुंहे बच्चे भी मौजूद थे, जिनकी आड़ में तस्करी के इस बड़े नेटवर्क को संचालित किया जा रहा था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तस्करों ने अंबिकापुर के कालीघाट क्षेत्र से पूरी बस बुक की थी। गांजे की यह खेप मध्य प्रदेश के कटनी जिले के पिपरिया कला ले जाई जा रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने सिलफिली क्षेत्र में घेराबंदी कर बस को रोक लिया और तलाशी के दौरान भारी मात्रा में गांजा बरामद किया।पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में प्रयुक्त बस को भी जब्त कर लिया है। मामले की जांच में यह भी पता चला है कि इस गिरोह से जुड़े 18 से 19 अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
स्थानीय लोगों की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से नशे के इस बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।





















