सूरजपुर: सूरजपुर जिले के सूरजपुर वन वनमंडल अंतर्गत कुम्दा बीट में जंगली हाथी की  मौजूदगी से कुम्दा, गंगीकोट और कमलापुर गांव के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। हाथी की आवाजाही से ग्रामीणों के साथ-साथ किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। बीती रात करीब 12 बजे हाथी ने कमलापुर गांव में जमकर उत्पात मचाया और सकेश्वर सिंह के घर की दीवार तोड़ दी। अचानक हाथी के गांव में पहुंचने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।

जानकारी के अनुसार, कमलापुर गांव में उत्पात मचाने के बाद हाथी कुम्दा बस्ती स्थित ओपन कास्ट खदान के आसपास विचरण करता रहा। वहीं, हाथी ने कुम्दा निवासी किसान जगदीश सिंह की फसल की निगरानी के लिए खेत में बनाई गई झोपड़ी को भी तोड़ दिया। किसान अपनी फसल को जंगली जानवरों से बचाने के लिए खेत में झोपड़ी बनाकर निगरानी करते थे, लेकिन हाथी ने उसे भी नुकसान पहुंचा दिया।

गौरतलब है कि इससे पहले सकलपुर गांव में एक व्यक्ति की हाथी द्वारा कुचलने से दर्दनाक मौत हो चुकी है। इस घटना के बाद से आसपास के गांवों में हाथियों को लेकर भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों को आशंका है कि हाथी की आवाजाही के दौरान किसी भी समय बड़ी घटना हो सकती है।इधर, वन विभाग की टीम हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। वन अमला निगरानी में जुटा हुआ है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!