भोपाल/सिवनी:  मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के छपारा स्थित महावीर वार्ड के जैन मोहल्ले में सोमवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक सर्राफा व्यापारी के तीन मंजिला मकान में भीषण आग लगने से परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई, जबकि रेस्क्यू टीम ने चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

सुबह 4 बजे घर में भड़की आग, सोते रह गए लोग

जानकारी के अनुसार, हादसा जैन मोहल्ला निवासी सर्राफा व्यापारी कुंदन लाल सोनी के मकान में हुआ। बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में करीब 10 लोग मौजूद थे। सुबह लगभग 4 बजे जब परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे, तभी अचानक मकान में आग लग गई।देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे मकान में धुआं फैल गया। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में सो रहे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।

दमकल और रेस्क्यू टीम ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही पुलिस बल और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। इसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। रेस्क्यू टीम ने तत्परता दिखाते हुए मकान में फंसे चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं, हादसे में परिवार के छह सदस्यों की जान चली गई।मौके पर मौजूद एसडीओपी अपूर्व भलावी ने दूरभाष पर जानकारी देते हुए बताया कि सर्राफा व्यापारी के तीन मंजिला मकान में लगी आग पर दमकल और रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद काबू पा लिया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। मामले की जांच की जा रही है। इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!