

राजपुर/बरियों। बलरामपुर जिले के राजपुर थाना एवं बरियों चौकी क्षेत्र के सीमा अंतर्गत गागर नदी में शनिवार सुबह एक 22 वर्षीय युवक के डूबने की घटना सामने आई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच युवक की तलाश शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह ने बताया कि बरियों उरांव पारा में आयोजित एक शादी समारोह के बाद शनिवार सुबह करीब 10 बजे 8 से 10 युवक गागर नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान फुलसाय लकड़ा (22 वर्ष), पिता सुरेंद्र लकड़ा नदी की गहराई में चले जाने से डूब गया।
घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। नदी में पानी की गहराई अधिक होने के कारण युवक का पता नहीं चल सका है। शव की तलाश के लिए जिला मुख्यालय से गोताखोरों को बुलाया गया है तथा एसडीआरएफ टीम का भी इंतजार किया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।





















